Indian Official Death Bangladesh: बांग्लादेश के चट्टोग्राम (चिटगांव) में स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग से एक दुखद खबर सामने आई है. भारतीय मिशन में तैनात एक अधिकारी मंगलवार सुबह परिसर के अंदर मृत पाए गए. मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरेन धर के रूप में हुई है. वह चंडीगढ़ के रहने वाले थे. उनके पिता का नाम राम निवास बताया जा रहा है, जो हरियाणा के रहने वाले हैं. बांग्लादेश में नरेन असिस्टेंट प्रोटोकॉल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे.
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नरेन धर का शव मिशन परिसर के भीतर पुराने वीजा सेंटर बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर मिला. स्थानीय मीडिया पोर्टल bdnews24.com ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि नरेन धर का शव डेटा एंट्री रूम के पास बने वॉशरूम के सामने पड़ा मिला था.
बांग्लादेश के अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, चट्टोग्राम मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर हसन मोहम्मद शोवकत अली ने बताया कि मिशन अधिकारियों ने पहले नरेन धर के कमरे से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.
भारत का मुख्य उच्चायोग ढाका में है. इसके अलावा बांग्लादेश में भारत के चार सहायक उच्चायोग भी हैं, जो चट्टोग्राम, खुलना, राजशाही और सिलहट में हैं. नरेन चिटगांव वाले उच्चायोग में कार्यरत थे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चट्टोग्राम मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच यानी इनक्वेस्ट रिपोर्ट में किसी तरह की बाहरी असामान्यता नजर नहीं आई है. हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.
ये भी पढ़ें:- Taiwan के चुनावी पोस्टर में भारत-विरोध, झंडे और पगड़ी लगाया ‘NO’, नस्लवाद के आरोप
ये भी पढ़ें:- रूसी राष्ट्रपति पुतिन सितंबर में इस दिन आएंगे भारत, BRICS समिट में होंगे शामिल
अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज होगा
चट्टोग्राम मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (नॉर्थ जोन) अमीरुल इस्लाम ने द डेली स्टार से कहा कि इस मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज किया जाएगा. पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव भारतीय सहायक उच्चायोग के अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा.
परिवार के संपर्क में भारतीय उच्चायोग
बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग नरेन धर के परिवार के संपर्क में है. फिलहाल सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
