India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौता (Trade Deal) अब अंतिम चरण में पहुंच गया है. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों देशों के बीच समझौता लगभग पूरा हो चुका है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक ताकत बन चुका है, दोनों देशों की दोस्ती आने वाले दशकों तक और मजबूत होगी. गोर ने कहा कि दुनिया अब भारत की बढ़ती ताकत को स्वीकार कर रही है.
भारत की तरक्की को अमेरिका ने माना
यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) लीडरशिप समिट 2026 में सर्जियो गोर ने कहा कि भारत अब वैश्विक मंच पर मजबूत भूमिका निभा रहा है. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दोनों देश भविष्य की तकनीक और विकास में भी साथ काम करेंगे.
ट्रंप ने सुबह 6 बजे करना चाहा था मोदी को फोन
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यक्रम के दौरान सुबह 6 बजे भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन करने की इच्छा जताई. जब गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका के सुबह वाले समय में काफी अंतर है, तो ट्रंप ने जवाब दिया, “मोदी जाग रहे होंगे, वो मेरी तरह कम सोते हैं.” गोर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को अपना करीबी मित्र मानते हैं और दोनों नेताओं के बीच बेहद गर्मजोशी भरे रिश्ते हैं.
50 साल बाद भी दोस्त रहेंगे दोनों देश
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि नई दिल्ली में एक भारतीय मंत्री ने उनसे कहा था कि 50 साल बाद भी भारत और अमेरिका अच्छे दोस्त रहेंगे. उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्य इस रिश्ते को और मजबूत बनाते हैं.
AI, टेक्नोलॉजी और एविएशन पर रहेगा फोकस
अमेरिकी राजदूत ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्नोलॉजी, एविएशन और कई अन्य क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने कहा कि अगले दो साल भारत-अमेरिका संबंधों की दिशा तय करेंगे और इसका फायदा आने वाले कई दशकों तक मिलेगा.
पीयूष गोयल और अमेरिकी टीम के बीच अहम बैठक
अमेरिकी राजदूत गोर ने भारत और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) एंबेसडर जेमिसन ग्रीर के साथ 22, 23 और 24 जून को नई दिल्ली बैठक का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने व्यापार वार्ता की प्रगति की समीक्षा की और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई है. इसके साथ ही व्यापार बढ़ाने, निवेश, नवाचार और भरोसेमंद सप्लाई चेन पर भी चर्चा हुई.
डील पूरी होने की उम्मीद
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने विश्वास जताया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील अब आखिरी चरण में है और जल्द ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि है कि यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई देगा और भविष्य में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाएगा.
यह भी पढ़ें- Video: ‘जो पानी रोकेगा, उसके हाथ काट देंगे’, सिंधु जल को लेकर पाकिस्तान की भारत को धमकी
