चीन में मेसाक तूफान ने बरपाया कहर, 39 की गई जान, अब बावी चक्रवात का खतरा

Cyclone Alert: दक्षिणी चीन में ट्रॉपिकल स्टॉर्म मेसाक से आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है और नौ लोग लापता हैं. लाखों लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 1.30 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. इसी बीच एक और चक्रवाती तूफान बावी ने चिंता बढ़ा दी है.

Cyclone Alert: दक्षिणी चीन में उष्णकटिबंधीय तूफान (Tropical Storm) मेसाक ने जबरदस्त तबाही मचाई है. तूफान के कारण हुई मूसलाधार बारिश और भीषण बाढ़ ने से अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि नौ लोग अब भी लापता हैं. आने वाले दिनों में तूफान के चीन के पूर्वी तट और ताइवान के आसपास पहुंचने की आशंका जताई गई है. पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक नैनिंग शहर के उप महापौर डिंग वेई ने बताया कि सबसे अधिक 26 लोगों की मौत हेंगझोऊ शहर में हुई है, जहां एक जलाशय का बांध आंशिक रूप से टूटने के बाद तेज बहाव का पानी शहर में घुस गया. गुआंग्शी क्षेत्र में नौ लोगों के लापता होने की भी खबर है.

10 हजार से अधिक छात्रों-शिक्षकों को सुरक्षित निकाला

दक्षिणी चीन में सैन्य बचाव दल ने गुइगांग शहर के स्कूलों से 10,000 से अधिक छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला. यह शहर हेंगझोऊ से करीब 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है. सरकारी प्रसारक सीसीटीवी द्वारा जारी वीडियो में छात्र लाइफ जैकेट पहनकर नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर जाते दिखाई दिए. बाढ़ का असर वन्यजीवों पर भी पड़ा है. गुइगांग के एक चिड़ियाघर ने बताया कि 100 से अधिक जानवर बाढ़ के दौरान लापता हो गए या बह गए हैं.

बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान

प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है. प्रभावित इलाकों में पीने का पानी और जरूरी सामान पहुंचाने के साथ-साथ फंसे लोगों को निकालने के लिए ड्रोन और लगभग 5,700 नावों का इस्तेमाल किया गया. अब तक करीब 1.30 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. उप महापौर डिंग वेई ने बताया कि कई इलाकों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है, हालांकि अगले दो दिनों तक कुछ क्षेत्रों में और बारिश होने की संभावना बनी हुई है. हेंगझोऊ के कई कस्बों में कीचड़ और मलबा हटाने, कीटाणुनाशक का छिड़काव करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य जारी है. साथ ही 60,000 से अधिक घरों में बिजली आपूर्ति भी बहाल कर दी गई है.

बावी तूफान भी बढ़ रहा आगे

गुआंग्शी क्षेत्र में तूफान मेसाक के प्रभाव से बहुत भारी बारिश हुई, जिससे नदियों और जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. कई इलाकों में लोग कई दिनों तक अपने घरों और अन्य इमारतों में फंसे रहे. इस बीच एक और चक्रवाती तूफान बावी समुद्र में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है. इसके जापान के कुछ सुदूरवर्ती द्वीपों और ताइवान के उत्तर से गुजरते हुए शनिवार को चीन के फुजियान या झेजियान प्रांत से टकराने की संभावना है. ताइवान के केंद्रीय मौसम प्रशासन के अनुसार, हालांकि गुरुवार तक इसकी तीव्रता कुछ कम हो गई है.

फिलीपींस में भी अलर्ट

बावी के असर को देखते हुए फिलीपींस के कई शहरों और कस्बों में स्कूलों की कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं. साथ ही उत्तरी बंदरगाहों से जहाजों के संचालन पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है.

Also Read: Heavy Rain Warning: 9 से 14 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी, मानसून का कहर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >