खड़गपुर. पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन–II ब्लॉक अंतर्गत केशरम्भा इलाके के केशरम्भा विद्यासागर विद्याभवन में मंगलवार को स्कूल की परिचालन कमेटी के सदस्यों ने प्रधानाध्यापक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए विद्यालय गेट के सामने विरोध-प्रदर्शन किया. कमेटी के सदस्यों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक एककुड़ी महापात्र ने स्कूल में आर्थिक अनियमितता की है और वर्ष 2022 में 16 फर्जी छात्रों के नाम पर फेक आइडी बनाकर छात्रों को मिलने वाले टैब का पैसा गबन किया. आरोप यह भी है कि उन्होंने छात्रावास सुपर की नियुक्ति में पैसे लिये और कई अन्य भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त रहे हैं. कमेटी के साथ कुछ अभिभावकों ने भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया और प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इस संबंध में प्रधानाध्यापक एककुड़ी महापात्र ने आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि परिचालन कमेटी के सभापति उन पर गलत काम करने के लिए दबाव बना रहे थे और जब उन्होंने इंकार किया, तो झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, “यदि मामले की निष्पक्ष जांच हुई,तो सच्चाई सबके सामने आ जायेगी.”
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
