मालदा : तृणमूल कांग्रेस के कई नेता भाजपा के संपर्क में, इस बात को लेकर हैं नाराज

West Bengal Chunav: हाल ही में तृणमूल की नई समिति के गठन के बाद मालदा जिला तृणमूल के नेताओं के बीच मतभेद चरम पर पहुंच चुका है. नई कमेटी से पार्टी का एक गुट नाराज चल रहा है. कई नेता सचिव या अन्य पदों पर नियुक्ति न मिलने से नाराज हैं.

West Bengal Chunav: मालदा : पश्चिम बंगाल में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं. चुनाव से पहले सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस को मालदा जिले में जोर का झटका लग सकता है. तृणमूल कांग्रेस के कई नेता रात के अंधेरे में भाजपा के साथ गुप्त बैठकें कर रहे हैं. पूर्व सांसद मौसम बेनजीर नूर ने यह सनसनीखेज दावा किया है. बेनजीर नूर हाल ही में तृणमूल छोड़कर कांग्रेस में गयीं हैं. उन्होंने कहा- बंगाल में तृणमूल और भाजपा की मिलीभगत है. जब मैं तृणमूल में थी, तब भी मैंने कुछ नेताओं को पैसों के लेन-देन और सत्ता के लिए ऐसा करते देखा था.

दो दर्जन से अधिक नेता छोड़ सकते हैं पार्टी

भाजपा की प्रदेश नेता और उत्तरी मालदा की सांसद खागेन मुर्मू ने भी लगभग ऐसा ही सनसनीखेज दावा किया है. उनके अनुसार, मालदा से तृणमूल के एक विधायक, दो जिला उपाध्यक्ष, तीन महासचिव और आठ अन्य तृणमूल नेता भाजपा के साथ गुप्त रूप से संपर्क में हैं. उन्होंने गुप्त बैठकें भी कीं हैं. उनका दावा है कि इस सूची में मालदा जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्य भी शामिल हैं. खागेन का कहना है कि उन्होंने राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से भी संपर्क किया है. हालांकि, उन्होंने उनके नाम बताने से इनकार कर दिया.

भ्रष्ट नेताओं को पार्टी में जगह नहीं

खागेन को आशंका है- वे बहुत गुप्त रूप से संपर्क में हैं, अगर उनके नाम उजागर हुए तो तृणमूल उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है. साथ ही, उनका कहना है कि जो भी उनसे संपर्क करे, भाजपा में तृणमूल के भ्रष्ट सदस्यों के लिए कोई जगह नहीं है. भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को स्वीकार नहीं किया जाएगा. दूसरी ओर, तृणमूल की मालदा जिला अध्यक्ष चैताली सरकार ने भी इस गुप्त संचार की संभावना से इनकार नहीं किया. उनके अनुसार, पार्टी में कुछ ऐसे नेता हैं जो सिर्फ धन और सत्ता के लिए पार्टी में हैं. ये नेता भाजपा के संपर्क में हैं.

Also Read: महिलाओं को रिझाने में जुटी माकपा, लक्ष्मी भंडार का पैसा बढ़ाने का वादा, चुनाव में बढ़ेगी हिस्सेदारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >