गाजियाबाद-आनंद विहार भूल जाइए, नोएडा के बोड़ाकी में बनेगा बड़ा रेलवे स्टेशन, बिहार से नॉर्थ ईस्ट तक मिलेगी कनेक्टिविटी

Greater Noida Railway Station: नोएडा के बोड़ाकी में बन रहा है दिल्ली-एनसीआर का सबसे आधुनिक रेलवे स्टेशन. 12 प्लेटफॉर्म, होटल और फूड चेन के साथ यह पूर्वांचल, बिहार और नॉर्थ ईस्ट के लिए होगा अहम हब.

Greater Noida Railway Station: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए रेलवे से जुड़ी एक बड़ी सुविधा जल्द मिलने वाली है. ट्रेन पकड़ने के लिए अब गाजियाबाद, आनंद विहार या दिल्ली के दूसरे बड़े रेलवे स्टेशनों तक जाने की जरूरत कम हो सकती है. ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी गांव में दिल्ली-एनसीआर का आधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित किया जा रहा है. यहां से पूर्वांचल, बिहार और नॉर्थ ईस्ट के लिए लंबी दूरी की ट्रेनें चलाने की योजना है. बताया जा रहा है कि यह स्टेशन करीब तीन साल में तैयार हो जाएगा.

मल्टी-कॉम्प्लेक्स टर्मिनल के रूप में विकसित हो रहा बोड़ाकी स्टेशन

बोड़ाकी गांव में मौजूदा रेलवे हॉल्ट के पास इस स्टेशन को विकसित किया जा रहा है. यह ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी से करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. स्टेशन को मल्टी-कॉम्प्लेक्स रेलवे टर्मिनल के तौर पर तैयार किया जा रहा है. खास बात यह है कि बोड़ाकी रेलवे स्टेशन को नमो भारत रैपिड रेल नेटवर्क से भी जोड़ने की योजना है. इसी वजह से इसे ग्रेटर नोएडा टर्मिनल के नाम से भी जाना जा रहा है.

46 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन स्टेशन के लिए तय

पूरा प्रोजेक्ट करीब 176 से 400 एकड़ के मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब परिसर में विकसित किया जा रहा है. इसमें अकेले रेलवे स्टेशन के लिए 46 हेक्टेयर से अधिक जमीन निर्धारित की गई है. स्टेशन से जुड़े भूमि अधिग्रहण समेत दूसरे काम भी तेजी से चल रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, बोड़ाकी रेलवे स्टेशन की डीपीआर और एनसीआर मास्टर प्लान के अनुसार इसका निर्माण करीब तीन साल में पूरा किया जाना है.

12 प्लेटफॉर्म और 63 यार्ड होंगे

बोड़ाकी रेलवे स्टेशन को बड़े टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां 12 प्लेटफॉर्म, 63 यार्ड और लूप लाइनें तैयार की जाएंगी. इसका आकार नई दिल्ली या आनंद विहार टर्मिनल जैसा बड़ा होने की बात कही जा रही है. इस टर्मिनल से रोजाना 100 से ज्यादा वंदे भारत, राजधानी और अन्य प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन और रखरखाव की योजना है.

स्टेशन में होटल और फूड चेन भी होंगी

बोड़ाकी का रेलवे स्टेशन सिर्फ ट्रेन पकड़ने की जगह नहीं होगा, बल्कि इसे आधुनिक सुविधाओं वाले कॉम्प्लेक्स के तौर पर विकसित किया जाएगा. स्टेशन की दो मंजिला इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर रेलवे से जुड़े ऑपरेशन होंगे. वहीं ऊपरी मंजिल पर होटल, फूड चेन और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे. इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही कई तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी.

बिहार और पूर्वांचल जाना होगा आसान

बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के शुरू होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार की तरफ जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिल सकती है. नोएडा रेलवे स्टेशन दिल्ली-हावड़ा मेन ट्रंक रेल लाइन पर स्थित है. यहां से कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर जैसे शहरों के लिए रेल कनेक्टिविटी आसान होने की उम्मीद है. वहीं बिहार में पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा के लिए भी ट्रेन सुविधा मिलने की बात कही जा रही है.

झारखंड, बंगाल और नॉर्थ ईस्ट तक पहुंच बढ़ेगी

बोड़ाकी टर्मिनल से सिर्फ बिहार और पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि झारखंड और पश्चिम बंगाल के शहरों के लिए भी रेल कनेक्टिविटी बढ़ सकती है. धनबाद, रांची, आसनसोल, हावड़ा और कोलकाता जैसे शहरों के लिए यात्रा आसान होने की उम्मीद है. इसके अलावा असम के गुवाहाटी और पूर्वोत्तर के दूसरे राज्यों के लिए भी लंबी दूरी की ट्रेनें बोड़ाकी से चलाए जाने की संभावना बताई जा रही है.

दिल्ली के बड़े स्टेशनों का दबाव भी घटेगा

बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के विकसित होने से दिल्ली क्षेत्र के आनंद विहार, पुरानी दिल्ली और नई दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और ट्रेनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को अपने क्षेत्र के करीब ही बड़ा रेलवे टर्मिनल मिलने से दिल्ली जाकर ट्रेन पकड़ने की जरूरत भी कम हो सकती है.

Also Read:4 गोलियां मारने से ठीक पहले क्या हुआ था? लखीमपुर खीरी मर्डर केस का वो सनसनीखेज फुटेज, जिसने उड़ा दिए पुलिस के भी होश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By लक्की कुमारी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >