UP News: रोजगार की तलाश कर रहे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य सरकार 13 और 14 जुलाई को प्रदेश के सभी जिलों में दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन करने जा रही है. इस मेले में युवाओं को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार निजी कंपनियों में नौकरी पाने का मौका मिलेगा. खास बात यह है कि जीरो पॉवर्टी अभियान से जुड़े परिवारों के युवाओं और दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी.
सभी जिलों में आयोजित होगा रोजगार मेला
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने सभी जिलों को रोजगार मेले के सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि अधिक से अधिक युवाओं तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसका लाभ उठा सकें. रोजगार मेले का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयकों के समन्वय से किया जाएगा.
क्यूआर कोड से होगा पंजीकरण
रोजगार मेले में आने वाले युवाओं को मौके पर ही क्यूआर कोड स्कैन कर पंजीकरण करने की सुविधा मिलेगी. इसके बाद उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के आधार पर विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया जाएगा. मेले से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी संबंधित आईटीआई संस्थानों के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जाएगी.
10वीं से ग्रेजुएट तक के युवाओं को मिलेगा मौका
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक (ग्रेजुएट) पास युवा भाग ले सकेंगे. मेले में देश-विदेश की कई निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो अभ्यर्थियों की योग्यता और कौशल के आधार पर ऑन-द-स्पॉट चयन करेंगी. इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले में पंजीकरण कराने के साथ ही रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं.
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष इंतजाम
सरकार ने रोजगार मेले के सभी स्थलों पर दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रैंप, सुगम आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्थल पर नोडल अधिकारी और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी. रोजगार पाने वाले सभी युवाओं की सूची जिला स्तर से मिशन मुख्यालय को भेजी जाएगी.
अनुदेशक भर्ती के इंटरव्यू की नई सूची जारी
इस बीच उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने विभिन्न ट्रेडों में अनुदेशक भर्ती के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम में संशोधन किया है. आयोग ने कुछ अभ्यर्थियों के दावों की जांच के बाद साक्षात्कार के लिए चयनित उम्मीदवारों की संख्या बढ़ा दी है.
- फैशन टेक्नोलॉजी अनुदेशक के 13 पदों के लिए अब 117 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 17 और 18 जुलाई को होगा. पहले 106 उम्मीदवारों को बुलाया गया था, लेकिन दावों की समीक्षा के बाद 11 और अभ्यर्थियों को शामिल किया गया.
- प्लम्बर अनुदेशक के तीन पदों के लिए 28 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 16 जुलाई को होगा. आयोग ने बताया कि प्राप्त प्रत्यावेदनों की जांच के बाद किसी अन्य अभ्यर्थी को पात्र नहीं पाया गया.
- मैकेनिक अनुदेशक के चार पदों के लिए अब 51 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है. पहले यह संख्या 49 थी.
- सिलाई तकनीक अनुदेशक के तीन पदों के लिए 15 जुलाई को होने वाले साक्षात्कार में अब 33 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि पहले 30 उम्मीदवारों का चयन किया गया था.
- ड्रेस मेकिंग अनुदेशक के चार पदों के लिए भी चयनित उम्मीदवारों की संख्या बढ़ाकर 36 कर दी गई है. पहले 32 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था.
युवाओं के लिए दोहरा अवसर
एक ओर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले रोजगार मेले के जरिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विभिन्न अनुदेशक पदों की भर्ती प्रक्रिया भी साक्षात्कार के जरिए आगे बढ़ रही है. ऐसे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जुलाई का यह सप्ताह रोजगार के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है.
- खुशबू कुमारी की रिपोर्ट
Also Read: पूरे यूपी में आज लगेंगे 35 करोड़ पौधे, गोरखपुर से CM योगी ने हरियाली अभियान का किया शुभारंभ
