UP LPG Connection: नया घरेलू LPG कनेक्शन लेने वालों के लिए बुरी खबर, पेट्रोलियम मंत्रालय की रोक से बढ़ा इंतजार

नए रसोई गैस कनेक्शन और डबल बॉटल कनेक्शन (डीबीसी) पर रोक जारी है. जानिए एलपीजी की उपलब्धता और बुकिंग में हो रही देरी का कारण.

UP LPG New Connection: घर में परिवार बढ़ा है या नौकरी के सिलसिले में नया ठिकाना मिला है? ऐसे लोगों के लिए रसोई गैस का नया कनेक्शन लेना फिलहाल आसान नहीं है. एलपीजी की सीमित उपलब्धता के बीच नए घरेलू कनेक्शन और डबल बॉटल कनेक्शन (डीबीसी) पर रोक जारी है. नतीजा यह है कि कई परिवारों को उधार के सिलिंडर से काम चलाना पड़ रहा है.

मार्च से नए कनेक्शन पर रोक

पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी की आपूर्ति में आई कमी के बीच मार्च से नए घरेलू कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा रखी है. इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस की एजेंसियों पर नए कनेक्शन के आवेदन लंबित हैं. जिले में करीब 60 गैस एजेंसियां हैं. प्रत्येक एजेंसी पर औसतन चार से 10 नए कनेक्शन के आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं. डीबीसी के लिए भी उपभोक्ताओं ने आवेदन कर रखे हैं. अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है.

14 दिन की जगह अब 25 दिन में बुकिंग

एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित होने का असर सिलिंडर बुकिंग पर भी पड़ा है. जिले में 7.5 लाख से अधिक एलपीजी उपभोक्ता हैं. 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलिंडर की निर्धारित कीमत 960 रुपये है. शहरी क्षेत्र में पहले सामान्य उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग अंतराल करीब 14 दिन था. अब इसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. गैस कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, होर्मुज क्षेत्र में संकट के बाद वैश्विक एलपीजी आपूर्ति पर असर पड़ा. समुद्री रास्ते से भारत तक खेप पहुंचने में 43 से 52 दिन लग रहे हैं.

छोटे सिलिंडर का विकल्प, कीमत बनी परेशानी

नए कनेक्शन के इंतजार के बीच गैस कंपनियां पांच और 10 किलोग्राम के पारदर्शी सिलिंडर का विकल्प दे रही हैं. ये व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध हैं. 20 किलोग्राम के सिलिंडर की कीमत 4,450 रुपये और पांच किलोग्राम वाले की कीमत 1,600 रुपये बतायी गयी है. रिफिल के लिए 10 किलो सिलिंडर पर 1,400 रुपये और पांच किलो पर 767 रुपये देने होंगे. ऐसे में सामान्य परिवारों के लिए यह विकल्प महंगा साबित हो रहा है.

ई-केवाईसी ऐसे करें, स्टेप-बाय-स्टेप

एलपीजी उपभोक्ता घर बैठे ई-केवाईसी भी पूरी कर सकते हैं. इसके लिए ये कदम अपनाएं:

1. इंडेन के लिए इंडेन ऑयल वन, भारत गैस के लिए हेलो बीपीसीएल और एचपी गैस के लिए एचपी पे एप डाउनलोड करें.

2. मोबाइल में आधार फेस आरडी एप भी इंस्टॉल करें.

3. संबंधित गैस कंपनी के एप में ई-केवाईसी का विकल्प चुनें.

4. आधार आधारित फेस स्कैन पूरा करें.

5. एप से प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर अधिकृत गैस एजेंसी जाएं. आधार कार्ड, गैस पासबुक और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर साथ रखें.

गैस एजेंसियों पर ई-केवाईसी को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी की शिकायत भी है. वहीं, कुछ लोग समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं कर रहे हैं. अलीगढ़ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कमला कांत तिवारी के अनुसार, गैस कनेक्शन पर मंत्रालय की रोक जारी है और एजेंसियों पर नए कनेक्शन को लेकर लगातार पूछताछ हो रही है.

Also Read: UP Police Special 32: अब अपराधी नहीं सुराग बताएगा पूरी कहानी! 600 में से चुने गए 32 अफसर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >