UP News : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. भरथना कोतवाली क्षेत्र के चंदेठी गांव में एक महिला और उसकी मां की हत्या कर दी गई. आरोप है कि महिला के पति सतेंद्र ने अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर दोनों को नशीला पदार्थ पिलाया और फिर उनकी गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, घटना की मुख्य वजह पारिवारिक न्यायालय का वह आदेश था, जिसमें आरोपी पति को पत्नी निर्मला को हर महीने भरण-पोषण के लिए सात हजार रुपये देने और पुराने बकाये के करीब तीन लाख रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया गया था.
नशीला पदार्थ पिलाकर किया बेहोश
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी पति सतेंद्र और उसके साथी ने शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पुष्पा और उनकी बेटी निर्मला को पिला दिया. इसके बाद दोनों के बेसुध होने पर वारदात को अंजाम दिया गया. आरोप है कि पहले सतेंद्र ने अपनी सास पुष्पा के हाथ-पैर दुपट्टे से बांधे और फिर चाकू से उनकी हत्या कर दी. इसके बाद वह बरामदे में पहुंचा, जहां उसकी पत्नी निर्मला बेसुध हालत में पड़ी थी.
भागने की कोशिश की तो पत्नी की भी हत्या
पुलिस के मुताबिक, जब सतेंद्र ने निर्मला को जगाया तो उसने उसके हाथ में खून से सना चाकू देखा. इसके बाद निर्मला ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन नशीले पदार्थ के असर के कारण वह गिर गई. आरोप है कि इसके बाद मुकेश ने उसके पैर पकड़ लिए और सतेंद्र ने दरांती से उसका गला रेत दिया. घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
चार साल से मायके में रह रही थी निर्मला
पुलिस की जांच में सामने आया कि निर्मला की शादी 26 अप्रैल 2021 को सतेंद्र से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही उसे कथित तौर पर पति के किसी महिला से संबंध होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया. निर्मला करीब छह महीने बाद ही मायके चली आई थी और पिछले करीब चार वर्षों से अपनी मां पुष्पा के साथ चंदेठी गांव में रह रही थी.
घरेलू हिंसा और भरण-पोषण का केस बना विवाद की वजह
निर्मला ने वर्ष 2023 में पति के खिलाफ घरेलू हिंसा और भरण-पोषण का मुकदमा दायर किया था. इसी मामले में पारिवारिक न्यायालय ने 3 अगस्त को सतेंद्र को निर्मला को हर महीने 7 हजार रुपये देने का आदेश दिया था. इसके साथ ही पुराने बकाये के करीब 3 लाख रुपये भी जल्द भुगतान करने का आदेश दिया गया था. पुलिस को आशंका है कि इसी फैसले से नाराज होकर वारदात की साजिश रची गई.
दो दिन तक नहीं खुला घर का दरवाजा
चंदेठी गांव में पुष्पा और निर्मला अकेली रहती थीं. 16 अगस्त की सुबह दूध देने के लिए गांव का राजीव करीब साढ़े छह बजे उनके घर पहुंचा था. उसने दरवाजा खटखटाया और आवाज भी लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. अगले दिन 17 अगस्त को भी जब दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आहट नहीं आई तो राजीव को अनहोनी की आशंका हुई. उसने ग्रामीणों और पुष्पा के पति को इसकी जानकारी दी.
खाट पर मां, जमीन पर बेटी का शव मिला
ग्रामीणों ने घर के दूसरे हिस्से से अंदर जाकर देखा तो खाट पर पुष्पा का शव पड़ा था, जबकि निर्मला का शव जमीन पर पड़ा मिला. दोनों शवों को देखकर गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई.
दो आरोपियों की भूमिका सामने आई
निर्मला के भाई अर्पित की तहरीर पर पुलिस ने पति सतेंद्र, उसके जीजा विजय, मुकेश और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात में दो आरोपियों की मुख्य भूमिका सामने आई है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसके द्वारा घटना में शामिल होने की बात सामने आने के बाद अब मुख्य आरोपी सतेंद्र की तलाश की जा रही है.
आरोपी मुकेश पहले सेना में था
एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपी मुकेश करीब 10 वर्ष पहले सेना में सिपाही था. बाद में सरकारी ट्रैक्टर चोरी के मामले में पकड़े जाने के बाद उसका कोर्ट मार्शल किया गया था. फिलहाल वह गांव में ट्रैक्टर चलाने का काम करता था. वहीं, मुख्य आरोपी सतेंद्र अलीगढ़ के बिजौली ब्लॉक में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है.
कचहरी में हुई तारीख के बाद दी थी धमकी
मृतका के भाई अर्पित ने पुलिस को बताया कि 13 अगस्त को वह कचहरी गया था. वहां सतेंद्र और उसके जीजा विजय ने कथित तौर पर रुपये देने से इनकार किया और अंजाम भुगतने की धमकी दी थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की. ग्रामीणों ने 15 अगस्त को लाल स्कूटी से एक युवक के गांव में आने की जानकारी भी दी थी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ रही है. फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी सतेंद्र की तलाश में जुटी है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
Also read : सुहागरात के अगले दिन हीं दुल्हन फरार, घर से जेवर और पैसा भी गायब, जानिए पूरा मामला
