UP News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से मां की हैरान करने वाली करतूत सामने आई है. राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव में पांच रुपये की टॉफी खाने से नाराज एक महिला ने अपने छह साल के बेटे के दोनों तलवों को गर्म चाकू से दाग दिया. आरोप है कि इसके बाद घायल बच्चे को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और खुद पड़ोसी के घर जन्मदिन की पार्टी में चली गई. बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया.
गुटखा लाने भेजा था, बची रकम से खा ली टॉफी
फुलवामऊ गांव निवासी विनय इंदौर में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं. गांव में उनकी पत्नी गुड़िया देवी छह साल के बेटे शुभ के साथ रहती हैं. शुक्रवार को गुड़िया देवी ने बेटे को 20 रुपये देकर गुटखा लाने भेजा था. शुभ ने 15 रुपये का गुटखा खरीदा और बचे हुए पांच रुपये की टॉफी खा ली. घर लौटने पर मां को जब इसकी जानकारी हुई तो वह नाराज हो गईं. आरोप है कि उन्होंने पहले बच्चे की पिटाई की और फिर गैस पर चाकू गर्म कर उसके दोनों तलवों को दाग दिया.
घायल बेटे को कमरे में बंद कर चली गई पार्टी में
आरोप है कि बच्चे के पैर दागने के बाद मां ने उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया. इसके बाद वह पड़ोसी राजकुमार सिंह चौहान के घर आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने चली गई. कुछ देर बाद पड़ोसी का बेटा शुभ को बुलाने उसके घर पहुंचा. कमरे के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी तो उसने परिजनों को बताया. इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ताला खुलवाया. अंदर बच्चा दर्द से कराहता मिला और उसके दोनों तलवे झुलसे हुए थे.
पिता की शिकायत पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
पड़ोसियों ने घटना की जानकारी शुभ के पिता विनय को दी. देर शाम वह गांव पहुंचे और बेटे की हालत देखकर भावुक हो गए. थाना प्रभारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि घायल बच्चे को जिला अस्पताल भेजकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है. पिता की तहरीर पर आरोपी मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस ने यह भी कहा कि बच्चे से तंबाकू या गुटखा मंगवाना कानूनी और नैतिक दोनों दृष्टि से गलत है. कोटपा अधिनियम के तहत बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना या उनसे बिकवाना अथवा मंगवाना अपराध है.
Must Read- आटे में टेलकम पाउडर की मिलावट, मैनपुरी छापेमारी में 2,150 किलो पाउडर जब्त, जानें पहचान का तरीका
