UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली में गौकशी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस के अनुसार, घायल होने के बाद वह दर्द से चिल्लाते हुए बोला, "हाय अल्लाह गलती हो गई, अब कभी गौकशी नहीं करूंगा". इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
दोपहर की छापेमारी में मिला था गोमांस
इससे पहले गुरुवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि महलऊ गांव स्थित अकीलउद्दीन उर्फ गट्टू के घर में गौकशी की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर छापा मारा. पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद आरोपी भागने लगे. कार्रवाई के दौरान मोहम्मद खां को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी अकीलउद्दीन, आलम और हसीना फरार हो गए. तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से करीब 40 किलो गोमांस, गोवंश के चार पैर और पशु काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए. पूछताछ में सामने आया कि अकीलउद्दीन इस पूरे गिरोह का मुख्य सदस्य है. इसके बाद पुलिस ने उसके समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी.
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
देर रात पुलिस गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद खां की निशानदेही पर अकीलउद्दीन की तलाश में दबिश दे रही थी. इसी दौरान आरोपी ने खुद को घिरता देख भागने का प्रयास किया. पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
तमंचा और कारतूस भी बरामद, बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है. एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि घायल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है. वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
