गोरखपुर में सपा का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर कार्यकर्ताओं ने निकाला पैदल मार्च

Up News: समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर में सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के सामने जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई. प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने बाहों और कुछ ने मुंह पर काली पट्टी बांध रखी थी.

Up News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार को समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के सामने स्थित पंत पार्क में जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई. प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने बाहों और कुछ ने मुंह पर काली पट्टी बांध रखी थी. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए डीएम कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा.

पंत पार्क से डीएम कार्यालय तक मार्च

सपा जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ता पंत पार्क पहुंचे. यहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च शुरू किया. मार्च विश्वविद्यालय चौराहे तक पहुंचा, जहां से कार्यकर्ता डीएम कार्यालय की ओर रवाना हुए. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट रही और पूरे रास्ते पर निगरानी बनाए रखी गई.

कानून व्यवस्था और किसानों का मुद्दा उठाया

डीएम कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन में कानून व्यवस्था के साथ किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई. सपा नेताओं ने कहा कि सरकारी समितियों पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को परेशानी हो रही है और उन्हें एक समिति से दूसरी समिति के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. पार्टी ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग की.

राम मंदिर चढ़ावा और पेपर लीक पर सरकार को घेरा

सपा ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले की सीबीआई से न्यायिक जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को भी ज्ञापन में शामिल किया गया. जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार इन्हें रोकने में सफल नहीं हो रही है.

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सपा जिलाध्यक्ष ने गोरखपुर में अपहरण, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध बढ़ने से आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने पार्टी की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा.

इनपुट: खुशी सिंह

यह भी पढ़े: राहुल गांधी का छात्र संवाद 8 को प्रयागराज में


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शशांक शेखर मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >