देवरिया में मऊ के 5000 स्मार्ट मीटर लगाए, कोर्ट के आदेश से सुपरवाइजर पर FIR

UP News:मऊ में बिजली मीटर लगाने के ठेके में धोखाधड़ी का गंभीर आरोप सामने आया है. कंपनी के सुपरवाइजर पर मऊ के 5000 मीटरों को देवरिया में लगाने और विभाग को गलत रिपोर्ट देने का इल्जाम है. कोर्ट के आदेश के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है.

UP News: मऊ में बिजली मीटर लगाने के ठेके में धोखाधड़ी के आरोप में कंपनी के सुपरवाइजर सौरभ कुमार राय के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोप है कि मऊ के लिए उपलब्ध कराए गए करीब 5000 बिजली मीटर देवरिया में अन्य उपभोक्ताओं के यहां लगा दिए गए और विभाग को गलत रिपोर्ट दी गई. शहर कोतवाली पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ठेके के तहत मिले थे करीब 5000 मीटर

नवाज इलेक्ट्रिकल्स के प्रोपराइटर अली नवाज की शिकायत के अनुसार, उनकी कंपनी ने 17 फरवरी 2023 को मऊ में बिजली मीटर लगाने का ठेका लिया था. कंपनी ने सौरभ कुमार राय को काम की निगरानी के लिए सुपरवाइजर नियुक्त किया था. शिकायतकर्ता का आरोप है कि विद्युत विभाग ने सुपरवाइजर को करीब 5000 मीटर उपलब्ध कराए थे.

मऊ के मीटर देवरिया में लगाने का आरोप

आरोप है कि मऊ के लिए उपलब्ध कराए गए इन मीटरों को देवरिया ले जाकर वहां दूसरे उपभोक्ताओं के यहां लगा दिया गया. शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मीटरों के इस्तेमाल को लेकर मऊ बिजली विभाग को गलत रिपोर्ट दी गई. मामले में पुलिस ने अब प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शिकायत के बाद कोर्ट पहुंचा मामला

अली नवाज के मुताबिक, उन्होंने 4 फरवरी 2024 को शहर कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई. इसके बाद 6 फरवरी को पुलिस अधीक्षक को डाक रजिस्ट्री के जरिए शिकायत भेजी गई. कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली. कोर्ट के आदेश के बाद 14 अगस्त 2026 को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की.

देवरिया में भी दर्ज हो चुका है मामला

रिपोर्ट के मुताबिक, देवरिया में विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने 2 फरवरी 2024 को भी प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें सौरभ कुमार राय पर आरोप लगाए गए थे. मऊ के मामले की जांच उपनिरीक्षक सरफराज खान को सौंपी गई है. शहर कोतवाल परमेन्द्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.

आरोपी ने आरोपों को बताया गलत

अधीक्षण अभियंता मांगेंद्र कुमार ने कहा कि मामला उनके कार्यकाल से पहले का है और उन्हें इसकी जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और विभागीय स्तर पर जानकारी ली जाएगी. वहीं, प्राथमिकी में आरोपी सौरभ राय ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है.

Also Read: मां ने दूध पिलाया है तो हराकर दिखाओ, मेरठ में सपा विधायक की खुली चुनौती


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >