UP News: शाम का सफर एक परिवार के लिए जिंदगी का आखिरी सफर बन गया. बड़े बाईपास पर पहले कार ने बाइक को टक्कर मारी. बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर पड़ा. इसी बीच पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में मां और उसके तीन वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गयी. पति और छह वर्षीय बेटी घायल हैं.
घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
सीबीगंज क्षेत्र के अलीपुर निवासी तस्लीम सोमवार शाम पत्नी समीना, तीन वर्षीय बेटे अदनान और छह वर्षीय बेटी इसरा के साथ बाइक से कल्याणपुर से घर लौट रहे थे. करीब शाम साढ़े छह बजे अटा स्थान चौराहे के पास उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिर गये.
पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, नहीं मिला संभलने का मौका
परिवार के लोग सड़क पर गिरे ही थे कि पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां पहुंच गयी. चारों उसके नीचे आ गये. गंभीर चोट लगने से समीना और उनके तीन वर्षीय बेटे अदनान की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी और आसपास के लोग मौके पर जुट गये.
पति और बेटी अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों ने हादसे में घायल तस्लीम और उनकी छह वर्षीय बेटी इसरा को निजी अस्पताल पहुंचाया. दोनों का इलाज चल रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने मां-बेटे के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
कार चालक की तलाश, जांच में जुटी पुलिस
एसपी सिटी मानस पारीक ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है. बाइक को टक्कर मारने वाली कार की तलाश की जा रही है. पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है. कार की टक्कर के बाद परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में कैसे आया, इसे लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.
