Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले को लेकर मचे सियासी और सामाजिक घमासान के बीच अपने पद से इस्तीफा दे चुके श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के समर्थन में अब अयोध्या के संत खुलकर उतर आए हैं. शनिवार को अयोध्या संत मंडल की महत्वपूर्ण बैठक के बाद संतों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर साफ शब्दों में कहा कि चंपत राय निर्दोष हैं और उनका इस्तीफा किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए.
संतों ने कहा- चंपत राय निर्दोष
बैठक में मौजूद संतों ने कहा कि चंपत राय पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं. उनका कहना था कि जिन लोगों ने वर्षों तक राम मंदिर आंदोलन और मंदिर निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उन्हें बिना जांच पूरी हुए कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है. संतों ने इसे एक सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी.
“ये सिर्फ कुछ दिनों के बादल हैं, जल्द छंट जाएंगे”
वैदेही भवन के महंत वैदेही वल्लभ शरण ने चंपत राय का बचाव करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रत्येक प्रचारक ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक होता है. उन्होंने कहा, “चंपत राय जैसे समर्पित व्यक्ति पर लगाए जा रहे आरोप टिकने वाले नहीं हैं. ये सिर्फ कुछ दिनों के बादल हैं, जो जल्द ही छंट जाएंगे.”
एसआईटी जांच पर जताया भरोसा
संत रघवेश दास वेदांती ने कहा कि अयोध्या के संत ट्रस्ट से मांग करते हैं कि चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार न किया जाए. उन्होंने कहा कि इस मामले में एसआईटी कार्रवाई कर रही है और आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.
“चंपत राय को बदनाम करने की साजिश”
राम कचहरी मंदिर के महंत शशिकांत दास ने कहा कि चंपत राय को दोषी ठहराना पूरी तरह गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से झूठा माहौल बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि चंपत राय का इस पूरे मामले से कोई संबंध नहीं है और उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है.
जांच पूरी होने का इंतजार
चढ़ावा चोरी के मामले की जांच फिलहाल जारी है. इस बीच संत समाज खुलकर चंपत राय के समर्थन में सामने आ गया है. अब सभी की नजर एसआईटी की जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि मामले में वास्तविक जिम्मेदार कौन है. जांच पूरी होने तक राम मंदिर ट्रस्ट और चंपत राय को लेकर चर्चाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: यूपी के रूद्र प्रताप कुशवाहा को तलवार से काटने की धमकी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
