UP News: सहपुरवा गांव में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत के बाद बांसडीह विधायक केतकी सिंह का गुस्सा बिजली विभाग के अधिकारियों पर फूट पड़ा. घटना के बाद मौके पर पहुंचीं विधायक ने एक्सईएन को जमकर फटकार लगाई. सामने आए वीडियो में विधायक एक्सईएन का बांह पकड़कर उन्हें खींचती हुई नजर आ रही हैं. इस दौरान वह हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर नाराजगी जताते हुए जवाब मांगती दिखीं.
टूटे हाईटेंशन तार ने छीनी पिता-पुत्र की जिंदगी
बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सहपुरवा गांव में खेत में टूटकर पड़े 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 58 वर्षीय जनार्दन यादव और उनके 24 वर्षीय इकलौते बेटे राजेश यादव की मौत हो गई थी. बताया जा रहा है कि खेत में पहले से बिजली का तार टूटा पड़ा था. इसकी जानकारी नहीं होने के कारण राजेश यादव करंट की चपेट में आ गए. बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
वीडियो में दिखा विधायक का आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी थी. इसी बीच विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं. वीडियो में वह बिजली विभाग के एक्सईएन से हादसे को लेकर सवाल करती और नाराजगी जताती दिखाई दे रही हैं. विधायक ने अधिकारियों से पूछा कि टूटे तार की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की गई.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
विधायक ने कहा कि ऐसी लापरवाही से लोगों की जान जा रही है. जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही.
SI परीक्षा पास कर चुका था राजेश
हादसे में जान गंवाने वाला राजेश यादव हाल ही में सब इंस्पेक्टर (SI) की परीक्षा पास कर चुका था. बेटे की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. पिता-पुत्र की मौत के बाद पूरे गांव में शोक पसरा हुआ है.
बिजली विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि हाईटेंशन लाइन का तार टूटने के बाद भी विभाग ने समय रहते मरम्मत नहीं कराई. उनका कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है.
यह भी पढ़ें: मायावती के ट्वीट से बदला सियासी संदेश, छात्र आंदोलन को लेकर सरकार और विपक्ष दोनों को दी नसीहत
