नोवामुंडी में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक, भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील

Noamundi News: बकरीद पर्व को लेकर नोवामुंडी में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो, इसे लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट 

Noamundi News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी थाना परिसर में बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनीत कुमार किंडो ने की. बैठक में नोवामुंडी बाजार के गणमान्य लोग, मस्जिद कमेटी के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे.

भाईचारे के साथ बकरीद मनाने की अपील

बैठक में एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने कहा कि बकरीद का त्योहार भाईचारे, शांति और आपसी सौहार्द का संदेश देता है. सभी समुदाय के लोग सावधानी और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं जिससे त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो सके.

प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर रोक

बैठक में विशेष रूप से यह निर्देश दिया गया कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं दी जाएगी तथा खुले स्थानों पर कुर्बानी नहीं की जाएगी. साफ-सफाई बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की गई.

सोशल मीडिया पर प्रशासन की नजर

एसडीपीओ ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. 

बकरीद पर भारी वाहनों की नो-एंट्री

थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह ने कहा कि नोवामुंडी हमेशा से शांति और भाईचारे की मिसाल रहा है. यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर हर त्योहार मनाते हैं और इस परंपरा को आगे भी बनाए रखा जाएगा. बकरीद के दिन सुबह से ही भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू रहेगी, जो नमाज समाप्ति तक प्रभावी रहेगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. 

बैठक में शामिल लोग 

बैठक में इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह, राजीव रंजन, नोवामुंडी जामा मस्जिद के सदर मोहम्मद फिरोज खान, उपसचिव मोहम्मद यासीन, बाजार समिति के उपाध्यक्ष अनवर खान, मो. कादिर, समाजसेवी रमेश अग्रवाल, अफरोज आलम, जीतू शाह, मोहम्मद खाजा, मोहम्मद रिजवान अंसारी, देव प्रसाद, अख्तर खान, चुन्नु, अकबर हुसैन, काली चरण साह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.

नमाज का समय किया गया तय

  • नोवामुंडी ईदगाह – सुबह 7:30 बजे
  • जमीयत अहले हदीस मस्जिद (छोटी मस्जिद) – सुबह 6:45 बजे
  • डीपीएस मस्जिद – सुबह 7:00 बजे

इस वर्ष 28 मई को बकरीद का पर्व मनाया जाएगा. प्रशासन ने सभी लोगों से शांति, सौहार्द और सहयोग के साथ पर्व मनाने की अपील की है.

यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने का निर्देश, JBVNL निदेशक ने किया सबस्टेशनों का निरीक्षण

यह भी पढ़ें: झारखंड में बालू को लेकर बड़ा खेल, स्टॉक यार्ड में बालू ही नहीं तो नीलामी का टेंडर कैसे निकाला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह झारखंड बीट पर काम कर रही हैं, जहां वह खबरों को आसान भाषा में लिखती हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल बीट पर काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने हेल्थ, रेसिपी, मेहंदी डिजाइन और फैशन से जुड़ी खबरों पर काम किया. इसके अलावा, उन्होंने नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में भी काम किया है. उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से और मास्टर की पढ़ाई एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड से पूरी की है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >