चक्रधरपुर से रविशंकर मोहंती की रिपोर्ट
West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र स्थित मेन रोड की रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई 44.64 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की बड़ी चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में चार अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, चोरी किए गए सामान की सूची तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है.
दुकान संचालक की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में चक्रधरपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक आशीष पाड़िया ने 25 जुलाई को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या-84/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई. शिकायत में बताया गया था कि 23 और 24 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने दुकान से लगभग 44,64,246 रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया था.
वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुसे थे चोर
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. आरोपी दुकान के पीछे स्थित वेंटिलेटर को तोड़कर पास के पेड़ के सहारे अंदर दाखिल हुए थे. अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया और डीवीआर निकाल लिया, ताकि घटना से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्य मिटाए जा सकें. इसके बाद बदमाशों ने दुकान के शटर और ग्रिल का ताला तोड़कर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो गए.
घटनास्थल से मिले चोरी के औजार
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया. वहां से चोरी में इस्तेमाल किए गए लोहे का सब्बल, पेचकस, वायर कटर, प्लास और स्लाइड रेंच जैसे औजार बरामद किए गए. इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और तकनीकी विश्लेषण के साथ गुप्त सूचनाओं का भी सहारा लिया.
विशेष टीम ने ऐसे पकड़ा अंतरराज्यीय गिरोह
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की. इस अभियान के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहेबगंज जिले के रहने वाले अलाउद्दीन शेख (46), उमर रजा उर्फ सबिर (34), महबूब आलम (26) और असराउल अली (33) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सभी आरोपी अंतरराज्यीय चोरी गिरोह से जुड़े हैं और इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
चोरी का सामान और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, चोरी किए गए मोबाइलों की मॉडलवार और कीमत अंकित सूची, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि बरामद सूची के आधार पर चोरी गए सामान की पहचान और आगे की बरामदगी में काफी मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: वेदांता स्टील प्लांट मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो ने किया सरेंडर, कोर्ट से मिली जमानत
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
डीएसपी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि इस कार्रवाई में प्रशिक्षु पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार, चक्रधरपुर थाना की पुलिस टीम और अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है. चोरी गए शेष सामान की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में 1 अगस्त को बंद रहेंगी ज्वेलरी शॉप्स, हत्या और लूट की घटनाओं पर गुस्से में दुकानदार
