कोल्हान विश्वविद्यालय सीनियरिटी कमेटी की बैठक रही हंगामेदार
जमशेदपुर/चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय में मंगलवार को संपन्न सीनियरिटी कमेटी की बैठक हंगामेदार रही. बैठक मुख्यत: वीमेंस कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज (प्रभारी प्राचार्य) पद को लेकर की जा रही दावेदारी को लेकर बुलायी गयी थी.
इसमें दावेदारी के मद्देनजर कॉलेज की सीनियरिटी लिस्ट जारी नहीं हो सकी, लेकिन मौजूदा प्रभारी प्राचार्या का प्रमाण पत्र सवालों के घेरे में आ गया है. बैठक में उनके सीनियरिटी प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी प्रस्तुत की गयी, जिसे फर्जी बताया गया.
वहीं प्रतिकुलपति डॉ शुक्ला महंती ने पत्र के विरोध में एफआइआर कराने की बात कही. इसके बाद वीमेंस कॉलेज की सीनियरिटी के एजेंडे को छोड़ दो अन्य कॉलेजों पर चर्चा की गयी. कॉलेज से आवश्यक कागजात की मांग की जा रही है, जिस पर कमेटी की अगली बैठक में पूर्णत: जानकारी दी जायेगी.
मूल प्रमाण पत्र तलब
कुलसचिव द्वारा बैठक में वीमेंस कॉलेज की प्रभारी प्राचार्या डॉ सुमिता मुखर्जी के वरीयता प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी प्रस्तुत की गयी. प्रमाणपत्र कॉलेज की ओर से गत दिसम्बर माह में निर्गत किया गया था. उस पर कॉलेज की पूर्व प्राचार्या व विश्वविद्यालय की मौजूदा प्रतिकुलपति डॉ शुक्ला महंती का हस्ताक्षर दर्शाया गया.
डॉ महंती ने हस्ताक्षर उनका होने से इनकार किया. उन्होंने पत्र की मूल प्रति प्रस्तुत करने को कहा. साथ ही ऐसा न होने की स्थिति में उक्त पत्र को फर्जी बताते हुए एफआइआर दर्ज कराने की बात कही.
बैठक कुलपति डॉ सलिल कुमार रॉय की अध्यक्षता में हुई. इसमें प्रतिकुलपति डॉ शुक्ला महंती, प्रॉक्टर डॉ एमआर सिन्हा, डीएसडब्ल्यू डॉ डीएन महतो, कुलसचिव डॉ केसी डे व अधिकारी एवं कमेटी के सदस्य शामिल हुए.
सीनियरिटी लिस्ट जारी
विवि की ओर से सीनियरिटी के संबंध में मांगी गयी जानकारी के बाद जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज और सिंहभूम कॉलेज चांडिल के पांच-पांच वरिष्ठ शिक्षकों की सूची जारी की गयी है.
