नोवामुंडी से सुबोध की रिपोर्ट
Noamundi News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी नोवामुंडी (बीडीओ) पप्पू रजक के नेतृत्व में गुरुवार दोपहर नोवामुंडी बाजार में तंबाकू उत्पादों और नियम विरुद्ध बिक्री के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया. इस अभियान में मेडिकल ऑफिसर हरिपद हेंब्रम, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी कृतिधर महतो, अंचल कर्मी, रुता गुट्टू अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी, सीआई पंकज चाँद एवं एलईओ संदीप बैठा भी शामिल रहे.
दुकानों की जांच की गई
अभियान के दौरान 10 से 12 दुकानों की जांच की गई, जिसमें दो दुकानों में गुटखा और खैनी पाए जाने पर दोनों दुकानदारों पर ₹1000-₹1000 का जुर्माना लगाया गया. इससे बाजार में हड़कंप मच गया. अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिया कि बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का तंबाकू पदार्थ बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है. साथ ही स्कूल परिसर से 100 मीटर के दायरे में तंबाकू बिक्री और सेवन (थूकना सहित) पर भी पूर्ण रोक है. नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
एक्सपायरी सामान बेचने वालों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में जिंजर पेस्ट और बिस्किट जैसे खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट की भी जांच की गई। बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि एक्सपायरी सामान बेचने वालों पर भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी, इसलिए सभी दुकानदार तुरंत ऐसे सामान हटा लें.
दुकानदारों में हड़कंप
छापेमारी की सूचना मिलते ही कई दुकानदार दुकान बंद कर मौके से फरार हो गए, जिन पर प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है.
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों को खदेड़ा
इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर बीयर पी रहे 4-5 लोगों को भी खदेड़ा गया और भविष्य में पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
अभियान जारी रहेगा
बीडीओ पप्पू रजक ने बताया कि कल से ओवरब्रिज की सीढ़ियों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जहां गंदगी फैलाने और असामाजिक गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि नोवामुंडी में अब तंबाकू बिक्री, एक्सपायरी सामान और सार्वजनिक अनुशासनहीनता पर लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: ‘मुझे मेरे पति से मिलना है’ सुनते ही जल्लाद बन गया ससुर, लाठी से पीटकर बहू को किया अधमरा
इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में दर्दनाक हादसा, इमली पेड़ की डाली काटते समय मजदूर की मौत
