चक्रधरपुर से अनिल तिवारी की रिपोर्ट
West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में नर सेवा ही नारायण सेवा है, इस उक्ति को चरितार्थ कर रहे हैं राष्ट्रीय सुंडी समाज के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल. समाज सेवा की अपनी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए, उन्होंने एक और पीड़ित परिवार की मदद की जिम्मेदारी उठाई है.
मानसिक अस्वस्थता से जूझ रहे प्रधान हेंब्रम की मदद
सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत कोलेबीरा के तिरीलडीह गांव निवासी प्रधान हेंब्रम पिछले दो-तीन वर्षों से गंभीर मानसिक अस्वस्थता से जूझ रहे हैं. उनकी स्थिति को देखते हुए उनके परिवार ने रविंद्र मंडल से संपर्क कर सहायता की गुहार लगाई. परिवार का दुख सुनकर रविंद्र मंडल ने तुरंत उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिनपास रांची ले जाने का निर्णय लिया है.
पहले भी कई मरीजों का करा चुके हैं सफल इलाज
यह पहली बार नहीं है जब रविंद्र मंडल किसी मानसिक रोगी की मदद के लिए आगे आए हैं. इससे पहले भी वे गम्हरिया प्रखंड और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 12 से 15 मानसिक रोगियों का सफल इलाज करा चुके हैं. उनके प्रयासों से आज वे सभी व्यक्ति स्वस्थ होकर एक सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी कर रहे हैं.
समाज सेवा को बताया जीवन का उद्देश्य
रविंद्र मंडल ने कहा कि – मेरे जीवन का उद्देश्य केवल समाज का नेतृत्व करना नहीं, बल्कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना है. प्रधान हेंब्रम की स्थिति देखकर मन व्यथित है. इससे पहले भी कई साथियों को हमने स्वस्थ कर उनके घर वापस भेजा है और मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधान हेंब्रम भी जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटेंगे. मानसिक रोग कोई अभिशाप नहीं, सही इलाज से इसका उपचार संभव है. इस नेक कार्य में उनके साथ विश्वनाथ हेंब्रम, कोंका हेंब्रम, सोनाराम माझी, रुईदास सोरेन, संतोष टुडू, और राजेश होनहागा जैसे साथी कंधे से कंधा मिलाकर मदद कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: Water Crisis: रांची में गहराया जल संकट, धुर्वा में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे 1 लाख लोग
इसे भी पढ़ें: अवैध संबंध बनाने के लिए पति की कराई थी हत्या, फरार एक और आरोपी गिरफ्तार
