गुवा से संदीप की रिपोर्ट
West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू हिलटॉप स्थित ओड़िया स्कूल का स्वर्ण जयंती समारोह गरिमा, उत्साह और भावनाओं के अद्भुत संगम के साथ शुरू हुआ. कार्यक्रम के प्रथम दिन ने न केवल पुराने दिनों की यादें ताजा कर दीं, बल्कि पूर्व छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों के बीच आत्मीय जुड़ाव का भाव भी गहराया.
भव्य उद्घाटन और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
समारोह का शुभारंभ किरीबुरू खदान के सीजीएम (माइंस) प्रशान्त मनोहर राव शिरपुरकर द्वारा झंडोतोलन कर किया गया, जबकि पद्मश्री तुलसी मुंडा जी ने स्वर्ण जयंती का शिलान्यास किया.
पूर्व छात्रों का मिलन, यादों का भावुक पल
दिनभर पुराने छात्र-छात्राओं का आगमन जारी रहा. आयोजन समिति द्वारा सेल प्रबंधन के सहयोग से उपलब्ध कराए गए आवास में सभी पूर्व छात्रों को सम्मानपूर्वक ठहराया गया. इस दौरान पुराने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच वर्षों पुरानी यादें ताजा हुई. अतीत और वर्तमान के इस मिलन ने ऐसा भावुक माहौल बनाया कि कई लोगों की आंखें नम हो गई. पुराने मित्रों और गुरुओं से मिलन सभी के लिए यादगार पल बन गया. पूर्व छात्रों ने आयोजन समिति का आभार जताते हुए कहा कि यह केवल स्वर्ण जयंती नहीं, बल्कि बीते समय और वर्तमान का अद्भुत संगम है, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं.
रंगारंग कार्यक्रम और सफल आयोजन की सराहना
संध्याकालीन समारोह में सब कलेक्टर और दोनों खदानों के डीसी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया. सब कलेक्टर ने बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम में शामिल होकर भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे माहौल और भी आकर्षक बन गया. दो दिवसीय इस समारोह का आज रविवार अंतिम दिन है. पुराने दोस्त एक-दूसरे के साथ बिताए भावुक पलों को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए. इस सफल आयोजन में स्कूल के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंधिया के नेतृत्व में उनकी टीम धीरेन पृष्टि, राजेश कुमार बेहेरा, रमाकांत परीडा, अरुण कुमार राउत राय, अभिमन्यु सेठी, संतोष कुमार पांडा और बीरेंद्र खिलार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सभी ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया.
यह भी पढ़ें: संकट में रांची का HEC: वेतन बकाया और नए वर्क ऑर्डर न मिलने से बिगड़े हालात, बड़े अधिकारियों ने भी छोड़ा साथ
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट की चेतावनी: सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन न मिली तो रूकेगा नगर विकास सचिव का वेतन
