चाईबासा : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त अबुबक्कर पी सिद्दीख ने जिले के सभी अधिकारियों, प्रखंडों के बीडीओ, बीपीओ के साथ सात घंटे तक जिला समन्वय समिति की बैठक की.
उपायुक्त ने एक माह में प्रति पंचायत पांच लाख रुपये खर्च करने में नाकाम रहे 58 पंचायतों के पंचायत सेवक और रोजगार सेवकों को शो कॉज किया है. इन पंचायतों में एक माह में दो लाख से भी कम राशि खर्च हुई है.
वहीं एक माह में खर्च करने में सबसे पीछे रहे नोवामुंडी प्रखंड के पंचायतों का सबसे खराब प्रदर्शन रहने के कारण वहां के बीडीओ व बीपीओ को शो कॉज किया. सदर, मझगांव, नोवामुंडी के बीपीओ को शो कॉज किया गया. यहां उपायुक्त ने एक माह में दस योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया था, जो नहीं हुआ है.
अन्नपूर्णा योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक योजना के लाभुकों का यूआइडी प्राथमिकता के आधार पर बनाने का निर्देश दिया. सभी का बैक खाता के साथ आधार नंबर देकर पैसा सीधे बैंक खाता में भेजने का आदेश दिया. साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 14-15 के लिए 14 अगस्त से 15 सितम्बर तक योजनाओं के चयन करने की बात कही. उग्रवादी हमले में मारे गये लोगों के परिजनों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि शीघ्र लाभुक तक पहुंचाने का निर्देश दिया.
इस संबंध में सभी बीडीओ को वैसे लोगों की सूची बनाकर राज्य सरकार से मिलने वाले एक लाख तथा केंद्र सरकार से मिलने वाली तीन लाख रूपये की राशि के साथ दी जाने वाली नौकरी की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया. उपायुक्त द्वारा लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की आशंका प्रभात खबर ने पहले ही जतायी थी.
