चाईबासा में बस ने बोलेरो को टक्कर मारी
चाईबासा : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बारीपी–खुंटपानी के बीच बुधवार को सुबह 11:30 बजे के करीब मनीला बस (जेएच-06एफ/1116) व बोलेरो (जेएच-01बीए/1276) के बीच टक्कर हो गयी.
दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गये. दुर्घटना में बोलेरो चालक उत्तरप्रदेश निवासी लक्ष्मण पांडे की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं बोलेरो सवार हजारीबाग के बरही वन क्षेत्र के रेंजर गोपाल प्रसाद गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें इलाज के लिये सदर अस्पताल लाया गया.
प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें टाटा रेफर कर दिया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी. बोलेरो रांची से चाईबासा आ रही थी. जबकि बस चाईबासा से रांची जा रही थी. घटनास्थल के पास सकरी पुलिया को पार करने के बाद बस ने बोलेरो को साइड से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो घूमती हुई दूसरी ओर सड़क से नीचे उतर गयी. दुर्घटना स्थल पर ही बोलेरो चालक ने दम तोड़ दिया. वहीं घायल रेंजर गोपाल प्रसाद को दुर्घटना स्थल से मान सिंह बांकिरा व अन्य लोगों ने नंदनी बस के जरिये अस्पताल पहुंचाया.
