सिमडेगा. दीपावली पर्व पर जिले की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पाद इस बार बाजार में धूम मचा रहे हैं. गांधी मैदान व समाहरणालय परिसर में समूह की दीदियों द्वारा लगाये गये स्टॉल न केवल ग्राहकों की पहली पसंद बने हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश कर रहे हैं. स्टॉलों में उपलब्ध पलाश गिफ्ट हैंपर लोगों के लिए आकर्षण बना हुआ है. बेत की खूबसूरत टोकरियों में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ रागी और तिल के लड्डू, शुद्ध मधु (शहद), चुनरी, दीया और करंज तेल जैसे पारंपरिक उत्पाद उपहार पैक के रूप में बड़ी संख्या में बिक रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि यह उपहार न सिर्फ त्योहार की भावना से जुड़े हैं, बल्कि पूरी तरह स्वदेशी हैं. इस क्रम में कोलेबिरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा भी आकर्षक पैक में तैयार किये गये लड्डुओं की बिक्री की जा रही है, जिन्हें उपहार देने के उद्देश्य से लोग उत्साहपूर्वक खरीद रहे हैं. स्टॉलों में सजावट और घरेलू उपयोग की वस्तुएं भी खूब पसंद की जा रही हैं. इनमें सूप , झाड़ू, मिट्टी के खिलौने, हस्तशिल्प सामग्री और अन्य पारंपरिक सामान शामिल हैं. इन उत्पादों की वजह से स्टॉलों पर भारी भीड़ उमड़ रही है. सिमडेगा के 10 बड़े प्रतिष्ठान में पलाश ब्रांड के रागी लड्डू, तिल लड्डू, मधु, गिफ्ट हैंपर आदि उपलब्ध हैं. मौके पर दीदियों ने उपायुक्त कंचन सिंह व उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी को पलाश गिफ्ट हैंपर सप्रेम भेंट किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
