सिमडेगा : जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं और कार्यस्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सिमडेगा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया.
सुरक्षा ऑडिट के दौरान निर्माण स्थलों पर कार्यरत मजदूरों और कर्मियों की सुरक्षा, निर्माण सामग्री व मशीनरी की सुरक्षा, रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बाहरी लोगों की आवाजाही और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की जांच की गयी. संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां की निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया गया.
सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसियों, संवेदकों और साइट प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया. पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को देने और कार्यस्थल की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा.
पुलिस प्रशासन ने निर्माण स्थलों पर रात्रिकालीन गश्ती और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया है. अभियान का उद्देश्य चोरी, असामाजिक गतिविधियों और अन्य अप्रिय घटनाओं की रोकथाम करना है.
पुलिस ने कहा है कि जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा ऑडिट और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा.
