विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की बैठक, 15 सितंबर तक दावा-आपत्ति दाखिल करने का मौका
सिमडेगा : मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और समावेशी बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत कार्रवाई तेज कर दी है. शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में ईवीएम वेयरहाउस, सिमडेगा में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई.
बैठक से पहले उपायुक्त ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया. उन्होंने सीसीटीवी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था और विधानसभा वार रखी गयी ईवीएम की सुरक्षा का जायजा लिया.
15 सितंबर तक दाखिल होगी दावा-आपत्ति
बैठक में बताया गया कि झारखंड के लिए 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गयी है. दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर तक रहेगी. प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन 14 अक्टूबर तक किया जायेगा. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को होगा.
एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिकों और प्रारूप सूची में छूटे योग्य नागरिकों को शामिल करने के लिए प्रपत्र-6 एवं घोषणा पत्र प्राप्त किया जा रहा है. वहीं, नाम, मतदान केंद्र या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर प्रपत्र-8 के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है.
पात्र मतदाता मताधिकार से न रहें वंचित
उपायुक्त कंचन सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित नहीं रहे. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की.
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो समेत जिला प्रशासन के अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
