बानो (सिमडेगा): बरसलोया पंचायत के छोटका टोली स्कूल मैदान में खेले गए रोमांचक फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में डोलोंगसेरा की टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में छोटका टोली को 4-3 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. अखिल भारतीय रौतिया समाज विकास परिषद क्षेत्रीय समिति लसिया-कोलेबिरा के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पहुंचे. मैच के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला.
पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ फाइनल मैच का उद्घाटन
फाइनल मैच के अवसर पर मुख्य अतिथि रौतिया समाज के प्रखंड अध्यक्ष सह पूर्व भाजपा प्रखंड अध्यक्ष चैतन्य सिंह, बरसलोया पंचायत के मुखिया संदीप सद मुंडा और क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष बलिराम सिंह मौजूद रहे. विशिष्ट अतिथियों में जनक सिंह, रणधीर सिंह, चैन सिंह, कर्मपाल सिंह, गजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह और दिनेश्वर सिंह समेत क्षेत्रीय समिति के तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे.
मैच का शुभारंभ अतिथियों ने वीर शहीद बख्तर साय और मुंडल सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया. इसके बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का विधिवत उद्घाटन किया गया. इससे पहले महिला समूह की सदस्यों ने पारंपरिक स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट किया.
ये भी पढ़ें- कोम्बाकेरा में धूमधाम से मना गणेश पूजा महोत्सव, बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
रोमांचक मुकाबले के बाद पेनाल्टी शूटआउट से हुआ फैसला
फाइनल मुकाबले में छोटका टोली और डोलोंगसेरा की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. निर्धारित समय में मुकाबला निर्णायक स्थिति तक नहीं पहुंच सका, जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया. इसमें डोलोंगसेरा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए छोटका टोली को 4-3 से पराजित किया और टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया.
मैच देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे. पूरे मुकाबले के दौरान दर्शक खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे. रोमांचक फाइनल के बाद डोलोंगसेरा की टीम को विजेता और छोटका टोली की टीम को उपविजेता घोषित किया गया.
खेल से अनुशासन और भाईचारे को मिलता है बढ़ावा
प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है. उन्होंने युवाओं से खेल के क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की. उन्होंने समाज के लोगों से भी एकजुट और संगठित रहने का आह्वान किया. कहा कि समाज के सभी लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ दें और जरूरत के समय सहयोग करें. सामाजिक एकता को बनाए रखते हुए संगठन को मजबूत करने पर भी उन्होंने जोर दिया.
ये भी पढ़ें- पेड़ों पर हो रहा था लाख उत्पादन, अचानक जंगल पहुंची मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की; लिया जायजा
विजेता और उपविजेता टीम को किया गया सम्मानित
फाइनल मैच के बाद विजेता डोलोंगसेरा की टीम और उपविजेता छोटका टोली की टीम को पुरस्कार राशि और शील्ड देकर सम्मानित किया गया. आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में काफी उत्साह रहा. फुटबॉल टूर्नामेंट को सफल बनाने में संरक्षक सह क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष बलिराम सिंह, मीडिया प्रभारी गजेंद्र सिंह, सचिव रणधीर सिंह, कोषाध्यक्ष कर्मपाल सिंह, उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, उप सचिव नवीन सिंह और पवन कुमार सिंह, महेंद्र सिंह, गुरूचरण सिंह समेत अखिल भारतीय रौतिया समाज विकास परिषद क्षेत्रीय समिति लसिया-कोलेबिरा के तमाम पदाधिकारियों और सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
