सिमडेगा. जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं और कार्यस्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना व ओपी क्षेत्रों में किए गए निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया.
ऑडिट के दौरान कार्यरत मजदूरों व कर्मियों की सुरक्षा, निर्माण सामग्री और मशीनरी की सुरक्षा, रात्रिकालीन निगरानी, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बाहरी लोगों की आवाजाही और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की जांच की गयी. इसके अलावा संवेदनशील स्थानों को भी चिह्नित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया.
निरीक्षण के क्रम में निर्माण एजेंसियों, संवेदकों और साइट प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने तथा मजदूरों और अन्य कर्मियों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया.
पुलिस अधिकारियों ने निर्माण स्थलों पर रात्रिकालीन गश्ती और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने का भी निर्देश दिया. पुलिस प्रशासन के अनुसार विकास परियोजनाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सुरक्षा ऑडिट और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
