सिमडेगा. भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को भारतीय जनता पार्टी विशेष रूप से मनाने की तैयारी में जुटी है. इसको लेकर आज पूर्व मंत्री विमला प्रधान ने प्रेसवार्ता कर विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर से 25 नवंबर 2025 तक सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में यूनिटी मार्च का आयोजन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय भावना से प्रेरित होगा. इस दौरान किसी पार्टी का बैनर, पोस्टर या झंडा नहीं रहेगा. समाज के सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर इस एकता मार्च में भाग लेंगे. विमला प्रधान ने कहा कि यह अपने आपमें एक अनोखा और प्रेरणादायक आयोजन होगा. इस आयोजन का उद्देश्य नयी पीढ़ी में देशभक्ति, एकता और आत्मनिर्भरता का भाव जागृत करना है. उन्होंने बताया कि सरदार पटेल ने अपने कार्यों से देश को एकता और अखंडता का संदेश दिया था. अब यह भाजपा का प्रयास है कि उनका संदेश जन-जन तक पहुंचे. कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जुटे हैं. विमला प्रधान ने बताया कि इस अवसर पर माई भारत पोर्टल भी लॉन्च किया गया है, जो युवाओं को सशक्त और संगठित करने की दिशा में बड़ा कदम है. यह पोर्टल 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं के लिए मेंटरशिप, प्रशिक्षण, नेटवर्किंग और उद्योग से जुड़ाव के अवसर उपलब्ध करायेगा. प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाइक, अनूप प्रसाद, मुकेश श्रीवास्तव, दुर्ग विजय सिंह देव, अनूप केसरी, बसंत नारायण मांझी, रवि वर्मा, सुभाष कुमार महतो आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
