ठेठईटांगर. रेंगारीह थाना के कोनबेगी स्थित एक ईंट-भट्ठा में ट्रैक्टर की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया. जानकारी के अनुसार, कोनबेगी स्थित ईंट-भट्ठा से ट्रैक्टर ईंट लोड कर बाहर निकल रहा था. उसी दौरान भट्ठा में काम करने वाले पालकोट कोंनयकेला निवासी अजय केरकेट्टा की करीब डेढ़ वर्षीय पुत्री अनिमा केरकेट्टा खेल रही थी. इस बीच वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गयी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते रेंगारिह थाना पुलिस मौके पर पहुंच ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आयी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की तथा मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
टांगी से मार कर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बानो. प्रखंड मुख्यालय स्थित बानो भिखराटोली में टांगी से मार कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गयी. जानकारी के अनुसार गांव के ही आनंद तोपनो व विश्राम कंडुलना शराब पीने गये थे. इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान आवेश में आकर विश्राम कंडुलना ने आनंद तोपनो टांगी से हमला कर दिया, जिसमें घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेते हुए अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. साथ ही आरोपी विश्राम कंडुलना को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया.
