सिमडेगा. कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों के साथ बैठक की. उन्होंने बोलवा, पिड़ियापोंछ, रेंगरबहार गिरजा टोली और लेटा पतराटोली पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.
हाथियों के खतरे को लेकर ग्रामीण चिंतित
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते हाथियों के आवागमन से पैदा हो रहे खतरे की जानकारी विधायक को दी. ग्रामीणों ने फसल और जान-माल की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जतायी. हाथियों से बचाव के लिए टॉर्च, पटाखा, मोबिल और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था के लिए विधायक की ओर से ग्रामीणों के बीच सहायता राशि बांटी गयी. विधायक ने ग्रामीणों से हाथियों के विचरण के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित तरीके से सावधानी बरतने की अपील की.
सड़क, पानी और बिजली की भी समस्याएं
ग्रामीणों ने बैठक में सड़क, पेयजल, बिजली और आपदा से जुड़ी कई समस्याएं विधायक के सामने रखीं. विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा. ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक पहल की जाएगी.
ग्रामीण रहे मौजूद
मौके पर विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद समी आलम, रावेल लकड़ा, संजय कुजुर, सुनील टोप्पो, रोशन बरला, अब्राहम कुजुर, अमृत मिंज, रिमिश खेस्स समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद थे.
