नर्सरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, गुरु-शिष्य संबंध के महत्व के साथ अनुशासन और सदाचार अपनाने का दिया संदेश
सिमडेगा : जूनियर कैम्ब्रिज स्कूल, सिमडेगा में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य एवं भावपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्राचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे. समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इसके बाद कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया.
नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कक्षा पांच के छात्र सोनू ने शिक्षकों के सम्मान में अभिनंदन पत्र प्रस्तुत किया. नर्सरी के बच्चों ने ‘वी लव यू टीचर्स’ पर नृत्य, एलकेजी के विद्यार्थियों ने राइम्स और यूकेजी के बच्चों ने शिक्षक दिवस पर आधारित मिक्स डांस प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया.
कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने नृत्य और कक्षा तृतीय के विद्यार्थियों ने ‘गुरु मेरा संस्कार’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी. कक्षा पांच की अंजली, अंकिता और तानिष्क ने हिंदी, अंग्रेजी एवं संस्कृत में शिक्षक दिवस पर भाषण दिया.
गीत-नृत्य और हास्य प्रस्तुति ने बांधा समां
कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने ‘शुभारंभ-नगाड़ा संग मिक्स’ पर प्रस्तुति दी, जबकि कक्षा चतुर्थ के विद्यार्थियों ने ‘बुलबुल-शुक्रिया’ के माध्यम से शिक्षकों के प्रति आभार जताया. ‘द कॉमेडी बॉयज ऑफ नवजीवन’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब हंसाया.
इस दौरान एमडी अहमद, अभिषेक और सादिक ने भी शिक्षक दिवस पर अपने विचार रखे. समारोह में शिक्षकों के योगदान और गुरु-शिष्य संबंध के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सदाचार अपनाने का संदेश दिया गया.
