सिमडेगा: महाराष्ट्र के पुणे में 12 से 23 अगस्त तक आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में झारखंड महिला हॉकी टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया. पहले मुकाबले में झारखंड ने हॉकी चंडीगढ़ को 6-0 से एकतरफा अंदाज में पराजित किया. झारखंड की ओर से पुष्पा डांग ने दो गोल दागे. वहीं एस्थर होरो, सरोज मुंडरी, जमुना कुमारी और संगीता कुमारी ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया. पूरे मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल के साथ आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया.
ये भी पढ़ें- सावन की तीसरी सोमवारी पर सिमडेगा में उमड़ा कांवड़ियों का जनसैलाब
कप्तान रजनी केरकेट्टा बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
झारखंड की कप्तान रजनी केरकेट्टा ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया. उनके उत्कृष्ट खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. झारखंड की विजयी टीम में गंगी बरला, सोनाली तिर्की, सरोज कुमारी, जिरेन सोय, एस्थर होरो, संगीता कुमारी, अनीषा कुल्लू, सलोमी नाग, गुलजन कुमारी, रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग, अनुप्रिया सोरेंग, रीना कुल्लू, स्वीटी डुंगडुंग, सरोज मुंडरी, सुकरमनी मुंडू, लियोनी हेमरोम और जमुना कुमारी शामिल हैं.
हॉकी सिमडेगा ने दी बधाई
टीम के कोच विकास पंत, सहायक कोच अभिषेक कुमार, मैनेजर दिव्या डुंगडुंग और फिजियो स्वीटी खातून हैं. झारखंड की शानदार जीत पर हॉकी सिमडेगा, हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी. साथ ही आगामी मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं.
