सिमडेगा में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, आधी रात को गूंजे नंद के आनंद भयो के जयकारे

सिमडेगा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में विशेष पूजा, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम।

सिमडेगा. जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को आस्था, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया. शहर से लेकर गांव तक घरों और मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गयी. सुबह से ही प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी.

घरों में भी उत्सव जैसा माहौल

बड़ी संख्या में महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखा और मध्य रात्रि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद व्रत का पारण किया. जन्माष्टमी को लेकर घरों में भी उत्सव जैसा माहौल रहा. लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण की पालकी सजायी और लड्डू गोपाल का आकर्षक श्रृंगार किया.

श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में शंखनाद

रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में शंखनाद और घंटियों की गूंज सुनाई दी. श्रद्धालुओं ने 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' के जयकारे लगाए. भक्तों ने भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन कर महाआरती में हिस्सा लिया. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.

मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया

जन्माष्टमी को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गयी थी. महावीर चौक स्थित महावीर मंदिर, रामजानकी मंदिर, थाना परिसर स्थित हनुमान वाटिका, गांधी मैदान स्थित देवराहा बाबा आश्रम, ठाकुर टोली शिव मंदिर और गुलजार गली स्थित मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों को आकर्षक तरीके से सजाया गया.

मंदिर में की गयी साज-सज्जा | Prabhat Khabar Network

पालकी में लड्डू गोपाल को विराजमान

महावीर मंदिर और रामजानकी मंदिर में फूलों से सजी आकर्षक पालकी में लड्डू गोपाल को विराजमान कराया गया था. मध्य रात्रि जन्मोत्सव के बाद महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.

फैंसी ड्रेस में कृष्ण-राधा बने बच्चे

रामजानकी मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें छोटे बच्चे कृष्ण, राधा, बलराम और सुदामा के रूप में नजर आए. प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में काफी उत्साह रहा. कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया.

लड्डू गोपाल के वेश में बच्चा | Prabhat Khabar Network

भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

रामजानकी मंदिर परिसर में श्याम मित्र मंडल की ओर से भजन संध्या आयोजित की गयी. स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. वहीं, महावीर मंदिर में बिहार के भोजपुर से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक छोटू छलिया ने भजनों की प्रस्तुति दी. देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: सिमडेगा : महावीर चौक में गूंजे कृष्ण भक्ति के स्वर, देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु

रात्रि जागरण का आयोजन

इधर, कुंजनगर स्थित संकट मोचन मंदिर परिसर में भी कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर संध्या भजन और रात्रि जागरण का आयोजन हुआ. बाहर से आयीं गायिका रेखा, ममता सिंह, फनी चौहान, संतोष सिंह समेत अन्य कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति दी. श्रद्धालुओं ने देर रात तक भक्ति संगीत का आनंद लिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravikant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >