बानो. बीडीओ नइमुद्दीन अंसारी ने प्रखंड के जोरपोंडा, बांडोटोली, जोरोबाड़ी, कोहिपाट, कांटा व मरानी समेत कई विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों का सोमवार को औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति तथा मेनू आधारित भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों व आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं व सहायिकाओं को परिसर की नियमित साफ-सफाई एवं बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, मेनू आधारित भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. राजकीय प्राथमिक विद्यालय मरानी के निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पायी गयीं. विद्यालय में कुल नामांकित 30 छात्रों में से मात्र 15 छात्र उपस्थित थे. निरीक्षण पंजी की मांग किये जाने पर प्रधानाध्यापक द्वारा पंजी प्रस्तुत नहीं किया गया. वहीं बच्चों व ग्रामीणों से पूछताछ में यह जानकारी सामने आयी कि प्रधानाध्यापक प्रतिदिन नशे की हालत में विद्यालय आते हैं और बच्चों को पढ़ाया नहीं जाता है. जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है.इस लापरवाही को कर्तव्यहीनता मानते हुए बीडीओ ने प्रधानाध्यापक से 24 घंटे के भीतर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया. साथ ही चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्चाधिकारियों को सूचना देते हुए कार्रवाई की जायेगी. आंगनबाड़ी केंद्र कोहिपाट के निरीक्षण में केंद्र पूरी तरह अव्यवस्थित पाया गया. केंद्र में साफ-सफाई का अभाव था. आंगनबाड़ी सेविका आरती देवी व सहायिका मार्गरेट मड़की द्वारा कार्य के प्रति लापरवाही बरते जाने पर बीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा.
विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
