सिमडेगा: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी श्रीकांत एस खोटरे की अध्यक्षता में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई. बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गये. एसपी ने स्पष्ट कहा कि लंबित मामलों के अनुसंधान में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग हो और दोषियों के विरुद्ध समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
चोरी रोकने को रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश
चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए थाना क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्ती बढ़ाने, विशेषकर रात्रि गश्ती के दौरान सतर्क रहने का निर्देश दिया गया. संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन जांच तथा असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया. वाहन जांच अभियान में तेज गति से बाइक चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया गया जोर
बैठक में मालखाना में लंबित मामलों और जब्त संपत्तियों के निष्पादन, थाना परिसरों में पड़े लावारिस व जब्त वाहनों के निपटारे तथा लंबित केस डायरी को सीपीएमएस पर अपलोड करने की समीक्षा की गयी. स्थायी वारंटों के शीघ्र निष्पादन और जिले से बाहर रह रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने को कहा गया.
सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर राहत दिलाने के निर्देश
सड़क दुर्घटना के मामलों में ई-डीएआर की शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि पीड़ितों को पीएम राहत योजना का लाभ समय पर मिल सके. “मोर पुलिस, मोय पुलिस” के तहत मानव तस्करी, डायन विसाही, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, सर्पदंश, महिला उत्पीड़न और बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
सीईआईआर, ई-साक्ष्य और कोर्ट नोडल कार्यों की समीक्षा
सीसीए एवं निगरानी प्रस्ताव, सीईआईआर पोर्टल, इंटरोगेशन रिपोर्ट, ई-साक्ष्य और कोर्ट नोडल से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गयी. बैठक में एसडीपीओ सिमडेगा, पुलिस निरीक्षक सहित जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारी सशरीर तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.
