सिमडेगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में बुधवार को पूर्व सैनिक संघ के कार्यालय में जागरूकता शिविर लगाया गया. शिविर में जिले के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित वीर परिवार सहायता योजना के संबंध में जानकारी दी गयी. शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल ने उपस्थित लोगों को वीर परिवार सहायता योजना के उद्देश्यों, पात्रता शर्तों, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी. बताया कि इस योजना के माध्यम से सैनिकों, शहीद सैनिकों व पूर्व सैनिकों के परिवारों को विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान की जाती है, ताकि उन्हें सामाजिक, आर्थिक व कानूनी रूप से सशक्त बनाया जा सके. असिस्टेंट एलएडीसीएस ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध करायी जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि प्राधिकार के माध्यम से जरूरतमंद सैनिकों, पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों को कानूनी परामर्श, मुकदमों में सहायता, दस्तावेज तैयार कराने तथा अन्य विधिक सहयोग निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर वह जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करें और इसका लाभ उठायें. बताया गया कि एक पूर्व सैनिक विष्णु महतो को पीएलवी के रूप में बहाल किया गया है, ताकि वह विधिक सेवाओं का लाभ उनके सहयोग से ले सकें. शिविर के दौरान सैनिकों और उनके परिजनों ने योजना एवं विधिक सेवाओं से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका समाधान किया गया. मौके पर पीएलवी अजीत केरकेट्टा, सुरजीत प्रसाद आदि उपस्थित थे.
कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करें
पूर्व सैनिक संघ के कार्यालय में लगा विधिक जागरूकता शिविर
