कोलेबिरा,सिमडेगा: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर कोलेबिरा पुलिस ने चेकनाका के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया. सब इंस्पेक्टर कुंदन राव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी.
इसी दौरान पुलिस ने एक सूमो विस्टा वाहन को रोककर जांच की. वाहन से चार मवेशी बरामद किये गये. पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त वाहन के माध्यम से मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने वाहन जांच अभियान शुरू किया था.
पुलिस की कार्रवाई देख वाहन में सवार लोग अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गये. पुलिस ने सूमो विस्टा वाहन को जब्त कर चारों मवेशियों को सुरक्षित बरामद कर लिया.
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले को लेकर कोलेबिरा थाना कांड संख्या 51/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध रूप से मवेशियों के परिवहन में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.
