समस्याओं के समाधान का हो रहा है हरसंभव प्रयास : विधायक
समस्याओं के समाधान का हो रहा है हरसंभव प्रयास : विधायक
सिमडेगा. विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने सोमवार को ठेठइटांगर प्रखंड के रेंगारीह क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों से मिल कर उनकी समस्याओं से अवगत हुए. विधायक ने कहा कि मैं एक माह तक विधानसभा सत्र को लेकर क्षेत्र नहीं आ पाया था, किंतु हमारे प्रतिनिधि लगातार क्षेत्र के लोगों के संपर्क में रहे. इस दौरान जो भी समस्याएं आयी, उसे हरसंभव समाधान करने का काम किया गया. आज मैं स्वयं आपके बीच आया हूं, आपकी जो भी समस्याएं हैं, उसे बतायें. ग्रामीणों ने बिजली, पानी व हाथी की समस्याओं से अवगत कराया. विधायक ने कहा कि निश्चित रूप से सिमडेगा जिले में बिजली और हाथी की समस्या है. दिशा की बैठक में आवाज उठाते हुए उपायुक्त, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग एवं प्रमंडल के पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया है. विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी है कि बिजली के पोल, तार आदि लगाने का काम हो रहा है, जिससे बिजली कटौती की समस्या उत्पन्न हो रही है. कुछ महीनों के बाद ये समस्याएं दूर हो जायेगी. क्षेत्र भ्रमण के क्रम में रेंगारीह के मुंडल टोली में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में भी शामिल हुए. मौके पर विधायक ने कहा कि जिले में हॉकी के साथ अन्य खेलों में युवाओं में जागरूकता बढ़ी है. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार खेल के प्रति आप जागरूक हैं, उसी प्रकार शिक्षा के प्रति भी अपना ध्यान केंद्रित करें. मौके पर अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष रावेल लकड़ा, जेरोम मिंज, बेनेदिक्त लकड़ा, पीटर लकड़ा, पतरस डुंगडुंग, अतुल बरला, निरोज, हेमंत, फलादियुस, फ्रांसिस आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है