सिमडेगा. उपायुक्त अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की बैठक हुई. बैठक में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण, कक्षा एक से आठ तक व नौ से 12 कक्षा के बच्चों के बीच यूनिफॉर्म का वितरण, मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति, खेलो झारखंड, इको क्लब, पीटीएम, स्वास्थ्य जांच, टेबलेट वितरण, आउट ऑफ स्कूल बच्चों की चिन्हितकरण व केजीबीवी व जेबीएवी में सत्र 2024-25 का नामांकन की समीक्षा की गयी. प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा में उपायुक्त ने नामांकित छात्रों के विरुद्ध औसत आच्छादन स्थिति की समीक्षा की, जिसमें बच्चों की आच्छादन 82 प्रतिशत है. उपायुक्त ने विद्यालय में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. जिला शिक्षा अधीक्षक ने बताया कि पूरक पोषाहार की राशि अप्रैल 2024 से मार्च 2025 तक मध्याह्न भोजन संचालित सभी विद्यालयों के सरस्वती वाहिनी समिति के खाता में हस्तांतरित कर दी गयी है. उन्होंने जिले के 246 विद्यालयों में किचेन सह स्टोर मरम्मत कार्य पूरा करने की बात कही. उपायुक्त ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना से आच्छादित विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के स्वास्थ्य जांच की समीक्षा की. कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय व झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय की समीक्षा की. कुरडेग, जलडेगा व ठेठईटांगर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने का निर्देश दिया गया. कस्तूरबा गांधी व झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय जहां पर किसी प्रकार की सुरक्षा से संबंधित कोई गार्ड नहीं है, उस विद्यालय में शीघ्र गार्ड की नियुक्ति करने का निर्देश दिया. बैठक में उपविकास आयुक्त संदीप कुमार दोराईबुरु, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, डीपीएम गायत्री साहू समेत अन्य पदाधिकारी, सभी बीआरसी, बीपीओ, जेइइ समेत अन्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
