सिमडेगा : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के 12वें दिन बुधवार को आठ मुकाबले खेले गये. हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया.
पहले मुकाबले में श्री माधव हरि छात्रावास ने तैसेर ग्रामीण को 4-2 से हराया. पीएम श्री बासेन ने क्रुसकेला एफसी को 1-0 से शिकस्त दी. केबीएस सिमडेगा ने बिंधइन टोली को 3-1 से पराजित किया. वहीं, फरसापानी और हेठमा पंचायत के बीच खेले गये मुकाबले में हेठमा पंचायत ने 3-2 से जीत दर्ज की.
कई मुकाबलों में दिखा रोमांच
गोंडवाना क्लब सलडेगा को कुड़पानी ए ने 3-1 से हराया. लोंबोई ने जिलिंगा ताराबोगा को 4-1 से शिकस्त दी. कोचेडेगा ग्रामीण और एबी ब्रदर आसनबेड़ा के बीच मुकाबला फॉरफिट रहा.
दिन के अंतिम मुकाबले में बानाबिरा ने मुड़िया को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से पराजित किया. लगातार हो रहे मुकाबलों से खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला. प्रतियोगिता के कारण जिले में हॉकी को लेकर भी माहौल उत्साहपूर्ण बना हुआ है.
