कार्यकर्ताओं की राय से होगा जिलाध्यक्ष का चयन : एचएस लक्की

पाकरडांड़, कुरडेग व केरसई के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हुई बैठक

सिमडेगा. अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के निर्देश पर चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत सिमडेगा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया जारी है. कार्यक्रम के तहत सोमवार को पाकरडांड़, कुरडेग व केरसई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. इसमें बड़ी संख्या में प्रखंड व पंचायत स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए. बैठक में एआइसीसी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एचएस लकी, पूर्व विधायक सह पर्यवेक्षक जयप्रकाश गुप्ता, डॉ अजय शाहदेव व जिलाध्यक्ष डेविड तिर्की, जिला संगठन प्रभारी सह विधायक भूषण बाड़ा, जिप सदस्य जोसिमा खाखा की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष चयन को लेकर अपनी राय रखीं. मौके पर श्री लकी ने कहा कि पूर्व में बड़े नेताओं के कहने पर अध्यक्ष बना दिया जाता था, किंतु राहुल गांधी ने परंपरा बदल दी है. अब अध्यक्ष वही बनेगा, जिसे आम कार्यकर्ता की सहमति और आशीर्वाद मिलेगा. उन्होंने बताया कि संगठन सूजन अभियान बूथ स्तर तक ले जाया जा रहा है. हम सिमडेगा जिले के 10 प्रखंडों में जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसकी जमीनी कार्यकर्ता हैं. विधायक भूषण बड़ा ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास बलिदानों से भरा है. हम उस पार्टी के सिपाही हैं, जिसने इंदिरा गांधी जैसी लौह महिला प्रधानमंत्री और राजीव गांधी जैसे दूरदर्शी नेता को खोया. उन्होंने भाजपा व आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन संगठनों ने आजादी की लड़ाई में नाखून तक की कुर्बानी नहीं दी. भाजपा आज तिरंगे को सम्मान नहीं देती और संविधान को तोड़ने की साजिश रच रही है. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भाजपा-आरएसएस के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का सपना है कि पंचायत स्तर पर कांग्रेस एक मजबूत ताकत बने. जिलाध्यक्ष डेविड तिर्की ने कहा कि पार्टी संगठन का मजबूत सिपाही रहा हूं. पार्टी द्वारा दिये गये सभी आदेशों का पालन करना मेरा धर्म है. मौके पर काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >