सिमडेगा. झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से मिल कर बांसजोर पावर हाउस को चालू करने की मांग की. उन्होंने सिमडेगा जिले में बिजली व्यवस्था से संबंधित कई गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. श्री कंडुलना ने बताया कि सिमडेगा जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ ग्रामीण इलाकों तक आज भी बिजली की आपूर्ति अस्थिर बनी हुई है. अनेक गांवों में लगातार कम वोल्टेज की समस्या है. वहीं कई स्थानों पर लंबे समय से विद्युतीकरण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीण, किसान वर्ग और छोटे व्यवसायी वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि झामुमो की सरकार ने हर घर बिजली देने का संकल्प लिया है. किंतु कई जगह कार्यों में शिथिलता दिखायी दे रही है. उन्होंने कहा कि यह पावर हाउस कई पंचायतों की जीवनरेखा है. इसके बंद रहने से बांसजोर इलाके में बिजली से संबंधित कई समस्याएं हैं. मौके पर झामुमो जिला सचिव मो शफीक खान केंद्रीय सदस्य नोवास केरकेट्टा, जिला कोषाध्यक्ष राजेश टोप्पो आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।