वरीय संवाददाता सिमडेगा. बीरू भिखारिएट युवा संघ का चतुर्थ वार्षिक युवा संघ अधिवेशन बिंधइनटोली पारिस में दो दिवसीय सम्मेलन आज से शुरू हो गया, जो नौ जून को संपन्न होगा. सम्मेलन में लगभग 900 युवाओं ने भाग लेकर कलीसिया एवं समाज में अपनी भूमिका पर मंथन किया. कार्यक्रम का उदघाटन बीरू भिखारिएट डीन फादर हेरमन खलखो, युवा संचालक फादर रंजीत डुंगडुंग, युवा एनिमेटर सिस्टर सरिता बेक, सिस्टर दिव्या जोजो, युवा संघ अध्यक्ष रिमीस हेमरोम एवं अन्य फादर-सिस्टर्स ने किया. मौके पर खंजालोया पारिस के युवाओं ने वंदना नृत्य और बिंधइनटोली पारिस के युवाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया.
युवाओं को मौलिक अधिकारों की दी गयी जानकारी
फादर हेरमन खलखो ने सम्मेलन के विषय काथलिक कलीसिया में युवाओं की सहभागिता एवं मौलिक अधिकारों की जानकारी पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को इन विषयों को ध्यानपूर्वक सुनने और जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया. तत्पश्चात सभी पल्ली के सचिवों द्वारा अपना-अपना प्रतिवेदन पढ़ा गया.