गरजा पंचायत भवन में खुला आदि सेवा केंद्र

गरजा पंचायत भवन में खुला आदि सेवा केंद्र

सिमडेगा. आदि कर्मयोगी अभियान के तहत गरजा पंचायत भवन में आदि सेवा केंद्र खुला. इसका उदघाटन उपायुक्त कंचन सिंह किया. कार्यक्रम में जेएसएलपीएस की दीदियों ने उपायुक्त समेत सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. मौके पर परियोजना निदेशक आइटीडीए सरोज तिर्की ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का उद्देश्य जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनकी वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाना है. मुखिया बंसती डुंगडुंग ने कहा कि हमारी ग्राम पंचायत से इस अभियान की शुरुआत होना गर्व की बात है. उन्होंने उपायुक्त के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय अपनी अनूठी सांस्कृतिक विरासत के साथ देश की विविधता में विशेष योगदान देता है. सरकार भी उनके सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है. उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के उनलोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है, जो अब तक किसी कारणवश पीछे रह गये हैं. उन्होंने कहा कि अक्सर योजनाएं केंद्र या राज्य सरकार के स्तर से बनायी जाती हैं और फंड आवंटित कर दिया जाता है. किंतु वास्तविक आवश्यकता उस क्षेत्र के निवासियों से बेहतर कोई नहीं बता सकता. इस सोच के तहत अब ग्रामवासियों से सीधे सुझाव लिए जायेंगे, ताकि उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सूचीबद्ध कर योजनाओं में शामिल किया जा सके. उपायुक्त ने बताया कि अभियान को राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर तक लेकर जाने की तैयारी है. संबंधित कर्मियों को इसके संचालन की विशेष प्रशिक्षण दिया गया है. उन्होंने कहा कि इस बार गांव के विकास का डेवलपमेंट प्लान ग्रामसभा में ही तैयार होगा. इसके तहत ग्रामीण अपनी मांगों व प्राथमिकताओं को साझा कर सकेंगे. पंचायत प्रतिनिधि, बीडीओ, पंचायत सचिव और अन्य अधिकारी पहले की तरह ही इसमें सक्रिय भूमिका निभायेंगे, लेकिन इस बार नये उत्साह और मिशन के साथ कार्य करना होगा. उपायुक्त ने ग्रामीणों से अपील की कि इस अवसर को अंतिम मौके की तरह लें और अपनी सभी आवश्यकताओं को स्पष्ट रूप से सामने रखें. उन्होंने कहा कि यही सही समय है, जब लोग अपनी इच्छाओं और विचारों को साझा कर गांव के समग्र विकास की दिशा तय कर सकते हैं. मौके पर बीडीओ समीर रेनियर खालखो, जनप्रतिनिधि, जेएसएलपीएस की दीदियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >