कोलेबिरा. कोलेबिरा प्रखंड मुख्यालय स्थित इमामबाड़ा मोहल्ला वासियों ने तीन माह से जनवितरण प्रणाली की दुकान से राशन नहीं मिलने का आरोप लगाया है. इसको लेकर कार्डधारियों ने इमामबाड़ा के पास बैठक की. बैठक में मुखिया अंजना लकड़ा उपस्थित थीं. ग्रामीणों ने मुखिया के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए कहा कि पहले हमलोगों को आशियाना महिला समूह द्वारा राशन दिया जाता था. किंतु बीते कुछ माह से हम सभी कार्डधारी का नाम दूसरे डीलर के पास जोड़ दिया गया. इसके बाद हमलोगों को वहां से राशन लेने जाना पड़ता था. इधर, तीन माह से उक्त डीलर के द्वारा राशन नहीं दिया जा रहा है, जिससे समस्या उत्पन्न हो गयी है. मुखिया अंजना लकड़ा ने कहा कि आपकी समस्या का निदान जल्द से जल्द हो इसके लिए मैं आपूर्ति पदाधिकारी से से मिलकर अवगत कराऊंगी और समस्या का समाधान करने का प्रयास करूंगी. मुखिया द्वारा राशन डीलर से संपर्क करने पर डीलर ने मुखिया को बताया कि तकनीकी समस्या की वजह से राशन मुझे उपलब्ध नहीं कराया गया है. इस कारण मैं इन लोगों को राशन नहीं दे पा रहा हूं. इसकी सूचना अंचल अधिकारी सह प्रभारी प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी के पास भी लिखित रूप से दे दी गयी है. प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अनूप कच्छप से जब संपर्क किया गया, तो उन्होंने भी इस बात को स्वीकार किया कि तकनीकी समस्या की वजह से डीलर को राशन उपलब्ध नहीं हो रहा है. जैसे यह समस्या दूर होगी, कार्डधारियों को राशन मिलना शुरू हो जायेगा. डीलर राजेश प्रसाद से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ माह पूर्व महिला स्वयं सहायता समूह आसियान ग्रुप के कार्डधारियों को मेरे यहां राशन वितरण करने के लिए आपूर्ति विभाग द्वारा आवंटित किया गया है. किंतु राशन बीते कई माह से आवंटित नहीं हुआ है. इस कारण उक्त राशन कार्डधारी परेशान हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।