सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं के नाम पर टैक्स तो नियमित रूप से वसूल रही है, लेकिन धरातल पर सुविधाएं गांवों से भी बदतर हैं. यह हकीकत नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो अंतर्गत नयी बसी मुक्तिपोखरी और आदर्श कॉलोनी में साफ देखी जा सकती है. यहां के बाशिंदे मकान निर्माण की मंजूरी से लेकर परिसर में चापानल गाड़ने तक के लिए नगर पंचायत को बाकायदा टैक्स का भुगतान करते हैं, परंतु नागरिक सुविधाओं के नाम पर उन्हें सिर्फ उपेक्षा और बदहाली ही नसीब हो रही है.
कच्ची सड़कों पर कीचड़ का साम्राज्य
कॉलोनी की अंदरूनी सड़कें पूरी तरह कच्ची और जर्जर हैं. बारिश के दिनों में सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं. मार्ग पूरी तरह कीचड़मय हो चुका है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो गया है. साथ ही कॉलोनी में अब तक न तो पक्की नाली का निर्माण हुआ है और न ही स्ट्रीट लाइट या पाइपलाइन जलापूर्ति की कोई व्यवस्था की गयी है. बुनियादी सुविधाओं के अभाव में स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर नगर पंचायत को सौंपा ज्ञापन
कॉलोनी में व्याप्त बदहाली से नाराज स्थानीय निवासियों ने एकजुट होकर नगर पंचायत को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा है. सौंपे गए ज्ञापन में पक्की सड़क, जलनिकासी के लिए पक्की नाली और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग की गयी है. लोगों ने कहा कि बुनियादी ढांचा नहीं होने के चलते बरसात में जीना मुहाल हो जाता है.
हल्की बारिश में भी चलने लायक नहीं रहतीं सड़कें
स्थानीय लोगों के अनुसार, हल्की बारिश होते ही कच्ची सड़कें दलदल में तब्दील हो जाती हैं. आसपास के खेतों का पानी भी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह जोखिम भरा हो जाता है. सड़कों पर फिसलन इतनी बढ़ जाती है कि आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं. जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने से कई दिनों तक गंदा पानी जमा रहता है.
क्या कहते हैं स्थानीय निवासी
कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण शाम ढलते ही चारों तरफ अंधेरा पसर जाता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है. - गुड़ियारानी महतो, स्थानीय निवासी
कॉलोनी के पूर्वी हिस्से में खुले खेत हैं. अंधेरे की वजह से जहरीले सांप-बिच्छू निकलने का हमेशा डर बना रहता है. इससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है. -श्रवण कुमार महतो, स्थानीय निवासी
नगर पंचायत प्रशासन को अविलंब क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण करना चाहिए और पक्की सड़क, नाली तथा स्ट्रीट लाइट लगाकर समस्याओं का समाधान करना चाहिए. -शंकर टुडू, स्थानीय निवासी
क्या कहते हैं वार्ड पार्षद
सरायकेला नगर पंचायत के वार्ड पार्षद विक्रम सिंह मोदक ने कहा - मुक्तिपोखरी और आदर्श कॉलोनी की समस्याओं के समाधान को लेकर विभागीय स्तर पर पहल शुरू कर दी गयी है. आवंटन के अभाव में अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया था. जैसे ही आवंटन प्राप्त होगा, प्राथमिकता के आधार पर सड़क, नाली और लाइट की समस्या का स्थायी निराकरण कराया जाएगा.
