सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने गुरुवार को आदित्यपुर और चौका थाना क्षेत्र का दौरा कर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने दोनों थानों के प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की.
एसपी ने दिए सख्त निर्देश
एसपी ने सख्त निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें. आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें. उन्होंने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
एसपी ने कहा कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ायी जाये और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाये. उन्होंने जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने पर जोर दिया. मौके पर आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
