सरायकेला: चौकेगड़िया मैदान में मिला बुजुर्ग का शव, जांच में जुटी पुलिस

Seraikela Elderly Dead Body Found: सरायकेला-खरसावां के कुकड़ू प्रखंड स्थित चौकेगड़िया मैदान में खून से सना शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस मौत के हर पहलू की जांच कर रही है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

चांडिल से हिमांशु गोप की रिपोर्ट

Seraikela Elderly Dead Body Found: सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय के पास चौकेगड़िया मैदान में एक बुजुर्ग का खून से सना शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. शनिवार सुबह शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. मृतक की पहचान कुकड़ू के ईचाडीह पंचायत के चौका-आदरडीह गांव निवासी सनातन गोप (70) के रूप में की गई है. 

शव के पास मिली साइकिल और टॉर्च 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैदान में शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ था. मृतक के पास उसकी साइकिल और एक टॉर्च भी बरामद हुई है. शव पर खून के निशान मिलने के कारण लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. ग्रामीणों का मानना है कि घटना देर शाम या रात के दौरान हुई होगी. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हत्या का मामला है, किसी दुर्घटना का परिणाम है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई.शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

गांव में शोक, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि सनातन गोप क्षेत्र के परिचित व्यक्ति थे. अचानक इस तरह उनका शव मिलने से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है. घटना के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. 

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रखंड मुख्यालय के नजदीक खुले मैदान में शव मिलने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सनातन गोप की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

यह भी पढ़ें: प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान: जमशेदपुर के टॉपर्स के बीच पहुंचे प्रशासनिक दिग्गज, DC ने दिया सफलता का मंत्र

यह भी पढ़ें: Bokaro: विवाहिता की मौत के बाद हंगामा, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

यह भी पढ़ें: Bokaro: न OTP आया न ही लिंक दबाया, फिर भी 1.92 लाख गंवाया, अब लगाने पड़ रहे थाने के चक्कर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो. झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >